आज समाचारराजनीति

कश्मीर को हिंसा में धकेलने की साजिश, महाराष्ट्र में PM मोदी का कांग्रेस पर वार

 मुंबई

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धुआंधार प्रचार शुरू कर दिया है। शनिवार को पीएम मोदी ने लगातार दूसरे दिन अकोला में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नौ नवंबर की यह तारीख बहुत ऐतिहासिक है। 2019 में आज ही के दिन देश की सर्वोच्च अदालत ने राम मंदिर पर अपना फैसला सुनाया था। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद हर धर्म के लोगों ने काफी संवेदनशीलता दिखाई। राष्ट्र प्रथम की यह भावना भारत की बहुत बड़ी ताकत है। पीएम मोदी ने अनुच्छेद 370 पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और कहा कि कांग्रेस जम्मू-कश्मीर को हिंसा में धकेलना चाहती है। जम्मू-कश्मीर विधानसभा में आर्टिकल 370 की वापसी की मांग हो रही है। कांग्रेस और उसके सहयोगी इसका समर्थन करते हैं। पाकिस्तान भी यही चाहता है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस की सरकार जिस राज्य में बन जाती है, वह राज्य शाही परिवार (गांधी परिवार) के लिए एटीएम बन जाता है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक सरकार का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि चुनाव महाराष्ट्र में है और वसूली इन राज्यों में डबल हो गई है। आप अंदाजा लगा सकते हैं कि चुनाव जीतने के बाद क्या लूट होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुसूचित जाति समुदाय से एकजुट रहने का आह्वान किया और चेताया कि कांग्रेस उनके बीच मतभेद और विभाजन का फायदा उठाना चाहती है। अगर आप एकजुट नहीं रहे और अपनी जातियों में विभाजित हो गए, तो कांग्रेस इसका फायदा उठाएगी और एससी समुदाय के अधिकार छीन लेगी। कांग्रेस एससी समुदाय को कमजोर करके अपनी सरकार बनाएगी। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर अनुच्छेद 370 को लेकर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी इसे जम्मू-कश्मीर में दोबारा लागू करने की कोशिश कर रही है, जिससे राज्य को हिंसा की ओर धकेला जाएगा। कांग्रेस जम्मू-कश्मीर को हिंसा में धकेलना चाहती है। अनुच्छेद 370 कभी बहाल नहीं होगा। ये कौन लोग हैं जो इसे बहाल करना चाहते हैं? सभी भारत विरोधी ताकतें अनुच्छेद 370 का समर्थन करती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button