हाई अलर्ट के बाद डेराबस्सी थाने की सुरक्षा बढ़ाई

डेराबस्सी-राज्य के विभिन्न पुलिस स्टेशनों पर हमलों को देखते हुए डेराबस्सी थाने की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। डेराबस्सी पुलिस स्टेशन चंडीगढ़-अंबाला मुख्य सडक़ पर स्थित है और सर्विस रोड से इसे आसानी से निशाना बनाया जा सकता है। इसी कारण पुलिस स्टेशन पर जाल लगाकर किसी भी हमले के प्रयास को विफल करने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। मुख्य सडक़ों पर स्थित पुलिस स्टेशनों और सरकारी इमारतों पर हमलों की रिपोर्ट के बाद खुफिया एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी किया है। डेराबस्सी पुलिस स्टेशन पहले भी आतंकियों के निशाने पर रहा है। डीएसपी बिक्रमजीत सिंह बराड़ ने कहा कि डेराबस्सी पुलिस स्टेशन मुख्य सडक़ पर फ्लाईओवर के साथ स्थित है, जिस पर आसानी से हमला हो सकता है और हमलावर आसानी से मौके से भाग सकते हैं। हमले की कोशिश को नाकाम करने के लिए विशेष सावधानी बरती जा रही है।
थाने के सामने फ्लाईओवर की रेलिंग साइड पर टिन की चद्दरें लगाई जा चुकी हैं। चद्दरों के कारण ऊपर से थाने का अंदरूनी हिस्सा आसानी से नजर नहीं आता। इसके अलावा थाने में प्रवेश करने वाले गेट पर मोर्चा बनाकर हथियारबंद जवानों को तैनात किया जाएगा। पहले वाले नेट की हालत खराब होने के कारण नया और मजबूत नेट लगाया जा रहा है। डेराबस्सी थाने के चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इसके अलावा फ्लाई ओवर पर कैमरों से भी नजर रखी जा रही है। थाने के मुख्य मुंशी के कक्ष में पूरे दिन स्क्रीन पर चल रहे फुटेज पर नजर रखी जा रही है। थानाध्यक्ष मंदीप सिंह ने बताया कि रात में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। यदि कोई कर्मचारी ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








