पंजाब पुलिस पर चली गोलियां, ड्रग तस्करों के साथ मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में तस्कर घायल

अमृतसर में पुलिस और ड्रग तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई है। हेरोइन और हथियार बरामद करने गई पुलिस पर तस्कर ने मौका मिलते ही फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इस बीच तस्कर गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। यह घटना रविवार सुबह अजनाला शहर में घटी। डीएसपी गुरविंदर सिंह ने बताया कि शनिवार शाम को दो आरोपियों को पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने बताया कि हेरोइन और हथियार स्थानीय गांव में छिपाकर रखे गए थे।
टीम आरोपी पलविंदर सिंह को अपने साथ लेकर रविवार सुबह बरामदगी के लिए रवाना हुई। जब आरोपी हेरोइन और हथियार निकाल रहा था, तो उसने मौका पाकर पुलिस पर गोलियां चला दीं। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। एक गोली आरोपी पलविंदर सिंह के पैर में लगी और वह घायल हो गया। फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटनास्थल से 523 ग्राम हेरोइन और एक पिस्तौल भी बरामद की गई।








