बिहारराज्य

मुजफ्फरपुर के 28000 से अधिक सरकारी शिक्षकों का वेतन फंसा, दीपावली और छठ पर भुगतान की उम्मीद कम

गड़बड़ी कहीं भी हो उसका परिणाम पूरे शिक्षक समुदाय को भुगतना पड़ता है। बिहार के भागलपुर में हुए वेतन भुगतान घोटाले के मामले में ऐसा ही देखा जा रहा है। इसका प्रभाव जिले के शिक्षकों के वेतन भुगतान पर भी पड़ा है।

विभिन्न सरकारी विद्यालयों में कार्यरत करीब 28 हजार से अधिक शिक्षकों के वेतन भुगतान व भत्ते से जुड़े अभिलेख की जांच की प्रक्रिया धीमी है। अधिकतर विद्यालयों से अब तक निर्धारित दस्तावेज शिक्षा विभाग को उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। ऐसे में 22 अक्टूबर तक जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपना मुश्किल लग रहा।

बिना जांच भुगतान नहीं

विभाग ने निर्देश दिया है कि बिना जांच के किसी भी शिक्षक को वेतन भुगतान नहीं किया जाएगा। विदित हो कि भागलपुर में वेतन भुगतान में घोटाले के बाद राज्य के सभी जिलों में शिक्षकों के वेतन भुगतान व अभिलेख की जांच कराई जा रही है।

मुजफ्फरपुर में भी शिक्षकों के पदस्थापन, वेतन वृद्धि, वेतनमान समेत अन्य जानकारियों का सत्यापन किया जा रहा है। जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविंद सिन्हा व जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना प्रहलाद गुप्ता ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए जांच के लिए निर्धारित प्रारूप तैयार कर सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, चिह्नित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, मेकर व लेखा सहायकों को उपलब्ध कराया है।

एक एक चीज की जांच

उनसे शिक्षकों से संबंधित आवश्यक अभिलेख व जानकारी मांगी गई है। चार चिह्नित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों का एचआरएमएस में दर्ज डाटा से मिलान किया जाएगा।

इसमें देखा जा रहा कि संबंधित शिक्षक वास्तव में विद्यालय में कार्यरत हैं या नहीं और उनके नाम पर ही वेतन का भुगतान किया जा रहा है। वेतन भुगतान में किसी तरह की गड़बड़ी, गलत भुगतान या अनियमितता की पहचान के लिए यह पूरी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

दीपावली व छठ में भी उम्मीद कम

सरकारी स्कूल के शिक्षक व कर्मचारियों के अक्टूबर के वेतन भुगतान पर संकट गहराता जा रहा है। विभाग की ओर से जांच पूरी कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के बाद ही अक्टूबर के वेतन भुगतान की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है।

जांच की धीमी गति को देखते हुए दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान शिक्षकों व कर्मचारियों को वेतन मिलने की उम्मीद कम दिखाई दे रही है। सामान्य प्रक्रिया के तहत जांच पूरी होने व रिपोर्ट मिलने के बाद ही वेतन भुगतान किया जाएगा। समय पर जांच पूरी नहीं हुई तो त्योहार से पहले वेतन भुगतान संभव नहीं हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button