अंतर्राष्ट्रीयआज समाचार
कनाडा में हिंदुओं का विरोध, खालिस्तानियों ने टोरंटो में रैली निकाल भारत वापस भेजने की मांग उठाई

टोरंटो
कनाडा के टोरंटो में खालिस्तानी समर्थकों ने हिंदू विरोधी रैली निकाली। रैली में खालिस्तानियों ने आठ लाख हिंदुओं को वापस भारत भेजने के लिए नारे लगाए। यह रैली टोरंटो के मालटन गुरुद्वारे के पास निकाली गई। इसमें एक बड़े ट्रक पर जेल का मॉडल बनाया गया था और उसमें भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के पुतले रखे गए थे। इन पुतलों को कैदी की तरह दिखाया गया था। नॉर्थ अमरीका में हिंदू समुदायों के संगठन को एलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमरीका ने इसे शर्मनाक बताया है।
वहीं कनाडाई पत्रकार डैनियल बोर्डमैन ने रविवार को एक वीडियो शेयर किया, जिसमें टोरंटो के मलटन गुरुद्वारे में हुई कथित ‘हिंदू विरोधी परेड’ दिखाई गई है। इस वीडियो के बहाने बोर्डमैन ने कनाडा के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की सरकार से सवाल पूछा है कि क्या वे पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की तरह ही खालिस्तानियों के प्रति नरमी बरतेंगे या सख्त रुख अपनाएंगे? एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए बोर्डमैन ने लिखा कि हमारी सडक़ों पर दहशत फैलाते जिहादी हमारे सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचा रहे हैं और यहूदियों को खुलेआम धमका रहे हैं, लेकिन खालिस्तानी भी नफरत फैलाने की इस होड़ में पीछे नहीं हैं। क्या मार्क कार्नी का कनाडा जस्टिन ट्रूडो के कनाडा से अलग होगा? पिछले महीने 19 अप्रैल को कनाडा के सरे शहर में लक्ष्मी नारायण मंदिर की दीवारों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे गए थे। मंदिर की बाहरी दीवारों पर स्प्रे पेंट से ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ और ‘फ्री पंजाब’ के अलावा अन्य भडक़ाऊ नारे लिखे गए थे।









