जजों की संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक, सुप्रीम कोर्ट ने वेबसाइट पर अपलोड की जानकारी, 21 जजों की देख सकेंगे डिटेल

नई दिल्ली
सुप्रीम कोर्ट ने अपने जजों की संपत्ति का ब्यौरा अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। सोमवार को जारी एक बयान में कहा गया कि ज्यूडिशियरी में ट्रांसपेरेंसी और जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। हालांकि वेबसाइट पर 33 में से केवल 21 जजों की जानकारी ही देखी जा सकती है। बाकी जजों ने ब्यौरा केवल सुप्रीम कोर्ट को सौंपा है। सुप्रीम कोर्ट ने एक रिलीज में कहा कि सुप्रीम कोर्ट की फुल कोर्ट ने पहली अप्रैल, 2025 को निर्णय लिया है कि कोर्ट के जजों की संपत्ति का ब्यौरा वेबसाइट पर अपलोड करके सार्वजनिक किया जाएगा। कोर्ट को पहले से मिली जजों की डीटेल्स अपलोड की जा रही है। बाकी जजों की जानकारी मिलने पर अपलोड की जाएगी। यह फैसला दिल्ली हाईकोर्ट के जज यशवंत वर्मा के घर से कैश मिलने के विवाद के बाद लिया गया है। जस्टिस वर्मा के सरकारी बंगले में 14 मार्च को आग लगी थी।
फायर सर्विस टीम को वहां अधजले नोट मिले थे। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में नियुक्तियों की पूरी प्रक्रिया को भी अपनी वेबसाइट पर डाल दिया है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम को सौंपी गई भूमिका, राज्य सरकारों और भारत संघ से मिलने वाला इनपुट और कॉलेजियम के विचार शामिल हैं। यह फैसला इसलिए लिया गया ताकि जनता को जानकारी और जागरूकता मिल सके। नौ नवंबर, 2022 से 5 मई, 2025 तक की हाई कोर्ट के जजों के रूप में नियुक्तियों के लिए सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के प्रस्तावों को भी अपलोड किया है। इसमें जज का नाम, हाई कोर्ट, सोर्स- सर्विस से या बार से, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश की तारीख, नोटिफिकेशन की तारीख, नियुक्ति की तारीख, स्पेशल कैटेगरी शामिल है। इस जानकारी में यह भी बताया गया है कि क्या उम्मीदवार किसी मौजूदा या रिटायर्ड हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट के जज से जुड़ा तो नहीं है।








