‘मोहल्ला क्लीनिक था भ्रष्टाचार का बड़ा अड्डा, इलाज के नाम पर लोगों को सिर्फ धोखा मिला’

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिछली सरकार की मोहल्ला क्लिनिक को भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा अड्डा करार देते हुए कहा है कि इलाज के नाम पर जनता को सिर्फ धोखा दिया गया। सीएम रेखा गुप्ता ने मंगलवार को तीस हजारी कोर्ट परिसर में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन करने के बाद कहा कि पिछली सरकार में मोहल्ला क्लीनिक की क्या स्थिति थी यह किसी से छिपी नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मोहल्ला क्लीनिक पूरी तरह से घोटाला था। इसमें न देखभाल थी, न दवाएं। इसका एकमात्र उद्देश्य पैसा कमाना था। मोहल्ला क्लीनिक के नाम पर नालों और गंदी जगहों पर पोटा केबिन में इसे खोला गया जहां प्रति मरीज 40 रुपए के हिसाब से डॉक्टर को भुगतान किया जाता था। ऐसी स्थिति में इलाज की गुणवत्ता की कल्पना की जा सकती है।” उन्होंने कहा कि इसके साथ ही मोहल्ला क्लीनिक बनाने के नाम पर जो किराए पर जगह ली गई उसमें भी कई गुना अधिक भुगतान किया गया। मोहल्ला क्लीनिक पिछली सरकार के भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा अड्डा था।








