
चंडीगढ़, 22 दिसंबर:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार लगातार प्रदेश को “रंगला पंजाब” बनाने और इसके सर्वांगीण विकास के लिए प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में पंजाब सरकार के लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रदेशवासियों को बेहतर सड़क नेटवर्क उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब के लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 840 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण करने पर 663 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है, जिसमें से 501.76 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है। इस योजना के तहत अब तक 334.31 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 31 पुलों का निर्माण करने पर 155 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है, जिसमें से 29 पुलों का निर्माण प्रगति पर है और 2 पुलों का काम पूरा हो चुका है। इस योजना के तहत अब तक 30.99 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 विभाग के लिए विकास का वर्ष रहा है। उन्होंने बताया कि NABARD के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 125 किलोमीटर सड़कों और 10 पुलों का निर्माण करने पर 192 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। इस योजना के तहत 52 किलोमीटर सड़कें और 8 पुल पहले ही पूरे हो चुके हैं।
लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 641 किलोमीटर लंबाई की सड़कों के निर्माण पर 600 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है, जिसमें से 273.96 किलोमीटर सड़क का काम पूरा हो चुका है। इस योजना के तहत अब तक 243 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों के अंतर्गत आने वाली 70 किलोमीटर लंबाई की सड़कें बनाने पर 430 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है, जिसमें से 32.39 किलोमीटर सड़क का काम पूरा हो चुका है। इस योजना के तहत अब तक 351.46 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
लोक निर्माण विभाग ने 1543 करोड़ रुपये की लागत से 10,262 किलोमीटर लिंक सड़कों की विशेष मरम्मत/आधुनिकीकरण अभियान शुरू की है। संबंधित मार्केट कमेटियों में काम पहले ही शुरू हो चुका है। इसके अलावा 2,920 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 7,767 किलोमीटर लिंक सड़कों को चौड़ा करने, आधुनिक बनाने और नई कनेक्टिविटी देने का काम भी शुरू कर दिया गया है। इन कामों के लिए बोली मंगाई जा चुकी है और काम जल्द ही शुरू होने की संभावना है।
राजमार्गों/एम.डी.आर./ओ.डी.आर. जैसी प्लान रोड्स (सड़कें) की अहमियत को ध्यान में रखते हुए 2,363 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 2,834 किलोमीटर प्लान रोड्स का अपग्रेडेशन करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम भी शुरू किया गया है। इन सभी कामों के लिए बोली जल्द ही मंगाई जाएगी।









