
चंडीगढ़, 22 दिसंबर, 2025:
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज यहां कहा कि पंजाब सरकार ने सिखों के लिए धार्मिक महत्व वाले तीन शहरों को पवित्र शहरों का दर्जा देने संबंधी अधिसूचना जारी कर एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। उन्होंने इस पल को राज्य के लिए परमात्मा के प्रति कृतज्ञता, विनम्रता और जिम्मेदारी का अवसर बताया।
एक वीडियो संदेश में पंजाब के लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि प्यारे पंजाबीओ, आपकी अपनी पंजाब सरकार ने सिखों के लिए धार्मिक महत्व वाले शहरों को पवित्र शहरों का दर्जा देने संबंधी अधिसूचना जारी कर एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि यह ऐलान श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें “शहीदी दिवस” (शहादी दिहाड़े) को मनाने के लिए राज्य स्तरीय समारोह के अवसर पर श्री आनंदपुर साहिब की पवित्र धरती से किया गया। उन्होंने कहा कि मैं परमात्मा का आभारी हूं, जिसने हमें ऐसा ऐतिहासिक निर्णय लेने की शक्ति, क्षमता और विवेक प्रदान किया।
इस कदम के महत्व के बारे में बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सिखों के पांच सिख तख़्त साहिबान में से तीन तख़्त पंजाब में स्थित हैं, जिनमें श्री अकाल तख़्त साहिब, अमृतसर; तख़्त श्री केसगढ़ साहिब, श्री आनंदपुर साहिब; और तख़्त श्री दमदमा साहिब, तलवंडी साबो शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन पवित्र तख़्त साहिबान की स्थापना वाले तीनों शहरों को अब आधिकारिक तौर पर आध्यात्मिक केंद्र और पवित्र शहरों का दर्जा दिया गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार इन पवित्र शहरों में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि सिखों के लिए धार्मिक महत्व वाले इन शहरों में ई-रिक्शा, मिनी-बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के साथ सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि दुनिया भर से आने वाले श्रद्धालु और संगत किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करें।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन पवित्र शहरों में अब कड़े नियम लागू होंगे। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि यह फैसला इन स्थलों की पवित्रता के मद्देनज़र लिया गया है और अब इन तीनों शहरों में मांस, शराब, तम्बाकू और किसी भी नशीले पदार्थ की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध होगा।
सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि मैं आपको पूरी जिम्मेदारी के साथ भरोसा दिलाता हूं कि इन शहरों के संपूर्ण और सुव्यवस्थित विकास को सुनिश्चित करने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। यह शहर केवल आध्यात्मिक केंद्र नहीं हैं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली प्रतीक भी हैं।
सिख समुदाय को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि मैं सम्पूर्ण सिख संगत को दिल से बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि पवित्र शहरों की घोषणा का यह ऐतिहासिक निर्णय बहुत पहले लागू हो जाना चाहिए था और राज्य सरकार द्वारा अधिसूचना जारी होने के साथ, यह फैसला अब लागू हो गया है और इन तीनों शहरों को आधिकारिक तौर पर पवित्र शहरों का दर्जा मिल गया है।
उन्होंने आगे कहा कि 15 दिसंबर, 2025 को पंजाब सरकार ने आधिकारिक रूप से अधिसूचना जारी कर अमृतसर जिले के वाल्ड सिटी अमृतसर, रूपनगर जिले के श्री आनंदपुर साहिब शहर और बठिंडा जिले के तलवंडी साबो (श्री दमदमा साहिब) शहर को पंजाब राज्य के पवित्र शहरों के रूप में घोषित किया है। उन्होंने कहा कि यह अधिसूचना औपचारिक रूप से ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले इन शहरों को उनकी आध्यात्मिक महत्ता और विश्वव्यापी आस्था को मान्यता देते हुए विशेष दर्जा प्रदान करती है।









