
फिरोज़पुर, 07 फरवरी 2026:
पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया द्वारा 10 फरवरी को फिरोज़पुर में ‘नशों के विरुद्ध पदयात्रा’ निकाली जाएगी। पदयात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज अतिरिक्त उपायुक्त (ज.) निधि कुमुद बंबाह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों से इस कार्यक्रम के संबंध में अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली और शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राज्यपाल की अगुवाई में नशों के विरुद्ध पदयात्रा 10 फरवरी 2026 को सारागढ़ी मेमोरियल, फिरोज़पुर छावनी से शुरू होकर सरकारी स्कूल ऑफ एमिनेंस, फिरोज़पुर शहर तक जाएगी। इस दौरान पंजाब के राज्यपाल जनता के नाम अपना संदेश भी देंगे। इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, यूथ क्लबों के सदस्य, स्वयंसेवक एवं गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) शामिल होकर नशा त्यागने और नशों के खात्मे के लिए एकजुट होने का संदेश देंगे।
उन्होंने इस पदयात्रा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाएं, मेडिकल टीमें, रिफ्रेशमेंट, पीने के पानी तथा कार्यक्रम के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए इस जागरूकता पदयात्रा को सफल बनाने के लिए कहा।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (वि.) अरविंद कुमार, उप जिला शिक्षा अधिकारी (से.शि.) डॉ. सतिंदर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।









