पंजाबराजनीति

नौजवानों को नशों से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है पंजाब सरकार : मोहिंदर भगत

जालंधर, 7 फरवरी:

 

पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ पहल के तहत जालंधर प्रशासन के सहयोग से वासल एजुकेशन द्वारा आयोजित जालंधर प्रीमियर लीग–2025 का ग्रैंड फिनाले मैच आज स्थानीय आई.वी. वर्ल्ड स्कूल में स्कूल ऑफ एमिनेंस, लाडोवाली रोड और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लम्मा पिंड के बीच खेला गया, जिसमें स्कूल ऑफ एमिनेंस, लाडोवाली रोड ने जीत हासिल की।

 

इस अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार युवाओं को नशों से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ने और राज्य में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए जहां पंजाब सरकार खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है, वहीं देश-विदेश में राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में भी वृद्धि की गई है। इस मौके पर उनके साथ डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल तथा पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सलाहकार एवं पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष दीपक बाली भी उपस्थित थे।

 

उन्होंने कहा कि लीग के फाइनल मुकाबले में दो सरकारी स्कूलों का पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि पंजाब सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ खेलों के लिए भी उपयुक्त वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

 

कैबिनेट मंत्री ने युवाओं को किसी न किसी खेल में अवश्य भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि जीवन में टीम वर्क, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों के क्षेत्र में राज्य का नाम देश और विश्व स्तर पर रोशन करने के लिए बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।

 

जालंधर प्रीमियर लीग की पहल की सराहना करते हुए श्री भगत ने कहा कि इस लीग के माध्यम से उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक अच्छा मंच मिला है और इस पहल ने युवा खिलाड़ियों में नया जोश और उत्साह भी भरा है।

 

मैच के अंत में कैबिनेट मंत्री और अन्य अतिथियों द्वारा मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज, टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को सम्मानित करने के साथ-साथ जालंधर प्रीमियर लीग–2025 की विजेता टीम स्कूल ऑफ एमिनेंस, लाडोवाली रोड को भी सम्मानित किया गया।

 

इससे पहले राज्यसभा सदस्य अशोक कुमार मित्तल द्वारा ग्रैंड फिनाले मैच की शुरुआत करवाई गई। इस अवसर पर ‘आप’ नेता नितिन कोहली भी उपस्थित थे।

 

उल्लेखनीय है कि जालंधर प्रीमियर लीग के तहत आयोजित क्रिकेट मुकाबलों में 16 स्कूलों की टीमों ने भाग लिया। आज हुए फाइनल मुकाबले में स्कूल ऑफ एमिनेंस, लाडोवाली रोड और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लम्मा पिंड के बीच एक रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल और अनुशासन का प्रदर्शन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button