पंजाबराजनीति

नशा तस्करों के राजनीतिक सरपरस्तों के साथ राज्यपाल की यात्रा, सिर्फ दिखावा: कुलदीप धालीवाल

चंडीगढ़, 10 फरवरी 2026

 

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया द्वारा शुरू की गई नशा-विरोधी यात्रा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के निर्देशों के अनुसार आम आदमी पार्टी की सरकार पूरे पंजाब में नशों के खिलाफ लगातार यात्राएं निकाल रही है। लेकिन हमारी सरकार की सफलता से बौखलाकर राज्यपाल साहब ने जो अपनी अलग यात्रा शुरू की है, उसका तरीका और उसमें शामिल लोग कई गंभीर सवाल खड़े करते हैं।

 

मंगलवार को पार्टी कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए धालीवाल ने स्पष्ट किया कि हम नशों के खिलाफ किसी भी अभियान के विरोधी नहीं हैं और चाहते हैं कि हर व्यक्ति इस लड़ाई का हिस्सा बने, लेकिन राज्यपाल का उन लोगों को साथ लेकर चलना निंदनीय है जो स्वयं पंजाब में नशा फैलाने के लिए जिम्मेदार रहे हैं।

 

धालीवाल ने राज्यपाल पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस यात्रा में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और भाजपा नेता अश्वनी शर्मा साथ बैठे हों, वह यात्रा नशा खत्म करने के लिए नहीं, बल्कि अपराधियों को बचाने की कोशिश प्रतीत होती है।

 

उन्होंने कहा कि राज्यपाल साहब को यात्रा शुरू करने से पहले यह समझना चाहिए था कि पांच दरियाओं की इस धरती पर नशे की ‘छठी नदी’ कौन लेकर आया। वर्ष 2007 से 2017 तक पंजाब में जिनकी सरकार रही, उनके शासनकाल में ही नशा फला-फूला और आज वही लोग राज्यपाल के साथ मंच साझा कर रहे हैं। ये वही लोग हैं जिन्होंने सत्ता में रहते हुए नशा तस्करों को संरक्षण दिया।

 

‘आप’ नेता ने आगे कहा कि आज पंजाब के लोग जानना चाहते हैं कि जिन ताकतों ने पंजाब की जवानी को बर्बाद किया, वे किस मुंह से नशों के खिलाफ यात्रा निकाल रहे हैं। राज्यपाल साहब आज उन्हीं ताकतों को प्रोत्साहित कर रहे हैं जिन्होंने पंजाब के भविष्य को अंधेरे में धकेला।

 

धालीवाल ने कहा कि यदि राज्यपाल वास्तव में गंभीर हैं, तो उन्हें उन लोगों और संस्थाओं को साथ लेकर चलना चाहिए जो पिछले कई वर्षों से जमीनी स्तर पर ईमानदारी से नशों के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद नशा हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती रहा है और हम पिछले 4 वर्षों से इसके खिलाफ निर्णायक जंग लड़ रहे हैं।

 

कुलदीप धालीवाल ने कहा कि राज्यपाल की यात्रा में पंजाब को बर्बाद करने वाले अपराधियों का शामिल होना बेहद निराशाजनक है। पंजाब की जनता सब देख रही है और वह जानती है कि कौन नशों के खिलाफ लड़ रहा है और कौन नशा बेचने वालों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार अपनी मुहिम जारी रखेगी, लेकिन नशा तस्करों के राजनीतिक आकाओं के साथ मिलकर निकाली जाने वाली ऐसी किसी भी यात्रा का पंजाब के लोग समर्थन नहीं करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button