
अमृतसर, 10 फरवरी –
पंजाब सरकार द्वारा सिख कौम के महान जर्नैल श्याम सिंह अटारीवाला का 180वां शहीदी दिवस आज इंडिया गेट और अटारी समाधि स्थल पर पूर्ण श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। राज्य स्तरीय शहीदी समारोह में पंजाब के लोक निर्माण मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए, जबकि सरदार जसविंदर सिंह रामदास (विधायक अटारी) और डॉ. जसबीर सिंह संधू (विधायक अमृतसर पश्चिम) विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर इंडिया गेट स्थित महान जर्नैल श्याम सिंह अटारीवाला के स्मारक पर कैबिनेट मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ., विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू, ब्रिगेडियर एस.एस. जामवाल (कमांडर 54 इन्फैंट्री ब्रिगेड), कर्नल सुमित शर्मा, डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह, पुलिस कमिश्नर सरदार गुरप्रीत सिंह भुल्लर, एस.डी.एम. सरदार मनकंवल सिंह चाहल, कर्नल हरिंदर सिंह और कर्नल कुलदीप सिंह ने शहीद सरदार श्याम सिंह अटारीवाला की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पंजाब पुलिस के जवानों द्वारा उल्टे हथियारों के साथ सलामी भी दी गई।
इसके उपरांत अटारी में सरदार श्याम सिंह अटारीवाला की समाधि पर श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए और धार्मिक दीवान सजाए गए। श्री दरबार साहिब के हजूरी रागी भाई गुरजीत सिंह बैंका ने गुरु जस गायन किया तथा भाई गुरप्रीत सिंह भंगू के ढाढी जत्थे ने जर्नैल श्याम सिंह अटारीवाला के जीवन और उनकी शहादत का वर्णन संगतों के साथ साझा किया। बड़ी संख्या में लोगों ने अटारी पहुंचकर महान जर्नैल श्याम सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने सरदार श्याम सिंह अटारीवाला की समाधि पर नतमस्तक होकर श्रद्धा एवं सम्मान अर्पित किया। उन्होंने सरदार श्याम सिंह अटारीवाला संग्रहालय का भी दौरा किया। धार्मिक दीवान में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरदार श्याम सिंह अटारीवाला सिख कौम के महान जर्नैल थे और एंग्लो-सिख युद्ध के दौरान सबराओं की लड़ाई में अंतिम सांस तक जूझने के लिए उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरदार श्याम सिंह अटारीवाला की बहादुरी और शहादत की प्रशंसा अंग्रेजों ने भी की थी। शहीद कौम की अमूल्य धरोहर होते हैं और उन्हें याद रखना हमारा नैतिक कर्तव्य है।
सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि अटारी गांव को नया स्वरूप दिया जाएगा ताकि रिट्रीट देखने आने वाले यात्री अटारीवाला की समाधि पर भी आएं और अपने बच्चों को उनकी शहादत के बारे में बता सकें। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और बच्चों को इतिहास से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार महान शहीद सरदार श्याम सिंह अटारीवाला की शहादत को नमन करती है, जिन्होंने देश और कौम के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया।
इस अवसर पर सरदार श्याम सिंह अटारी के परिवार के सदस्यों और ट्रस्ट के पदाधिकारियों—कर्नल हरिंदर सिंह अटारी, मलविंदर अटारी, बीर इंदर सिंह, जनरल सेक्रेटरी श्री हरप्रीत सिंह सिद्धू, बीबी अमितेश्वर कौर, बीबी जसप्रीत कौर, बीबी संदीप कौर, श्री दिनेश सिंह सिद्धू, इंदर जसबीर सिंह संधू लोपोके, अनंतबीर सिंह, चरणजीत सिंह, रमणदीप कौर, रवि इंदर सिंह, कर्नल गुरबंत सिंह, श्रीमती हरमन सिंह, जसकिरन कौर, रमणदीप कौर तथा सरपंच अटारी हरप्रीत सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. द्वारा प्रसिद्ध लेखिका डॉ. कुलविंदर कौर मिनहास की पुस्तक ‘सिख राज के आख़िरी स्तंभ—सरदार श्याम सिंह अटारीवाला’ का विमोचन भी किया गया।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती सुरिंदर कौर, भारतीय वायुसेना के पूर्व अधिकारी निर्मल सिंह बेदी, कर्नल कुलदीप सिंह, धन-धन बाबा दीप सिंह जी हरियाली मिशन के अध्यक्ष कंवलजीत सिंह, रछपाल सिंह, सूबेदार मेजर मनजीत सिंह, नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।









