
श्री आनंदपुर साहिब, 13 फरवरी:
होले मोहल्ले के पावन अवसर पर श्री आनंदपुर साहिब में लाखों की संख्या में पहुंचने वाली संगत को ध्यान में रखते हुए पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने रूपनगर जिले के अधिकारियों को टेंट सिटी, ट्रॉली सिटी और समर्पित पार्किंग ज़ोन बनाने के साथ-साथ संगत की सुगम आवाजाही के लिए शटल बस और ऑटो-रिक्शा सेवाएं शुरू करने तथा अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आने वाली पूरी संगत के लिए आध्यात्मिक वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
सिख परंपराओं के भव्य उत्सव की तैयारियों की समीक्षा के लिए रूपनगर जिला प्रशासन के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए हरजोत सिंह बैंस ने भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की पवित्र नगरी में आने वाली संगत की सुविधा के प्रति प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने बुनियादी ढांचे और भारी भीड़ के प्रबंधन की रणनीतियों की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि तीन दिवसीय आयोजन के दौरान सिख धर्म के मूल सिद्धांतों को बनाए रखा जाए।
बैंस ने बताया कि जिला प्रशासन को आठ एकड़ में टेंट सिटी, एक समर्पित ट्रॉली सिटी, 60 शटल बसें, 100 ई-रिक्शा, पैदल यात्रियों के लिए विशेष मार्ग तथा 25 पार्किंग ज़ोन स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हरजोत सिंह बैंस ने संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तख्त श्री केसगढ़ साहिब में नतमस्तक होने आने वाली संगत के लिए सुचारू यातायात सुनिश्चित किया जाए, आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखा जाए और संगत को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।
बैंस ने कहा, “हम मिलकर ऐसा माहौल बनाना चाहते हैं जहां श्रद्धा भावना पर पूरा ध्यान केंद्रित किया जा सके। हमारी योजना में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। संगत की सुविधा के लिए आठ एकड़ में फैली टेंट सिटी से लेकर शटल बसों के बेड़े तक हर तरह की लॉजिस्टिक सहायता के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। प्रशासन को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि सुचारू यातायात और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जाए तथा संगत को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।”
उन्होंने आगे कहा कि होले मोहल्ले के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलें, इसके लिए जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है।









