
चंडीगढ़, 16 फ़रवरी 2026
आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने मोगा के किल्ली चाहलां में आयोजित विलेज डिफेंस कमेटियों के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर कड़ा पलटवार किया। पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब को नशा-मुक्त बनाने के लिए उठाए जा रहे कदमों से विपक्ष इतना परेशान है कि वह बिना वजह शोर मचाने लगा है।
पन्नू ने कहा कि जो विपक्षी दल आज सरकारी पैसे के इस्तेमाल पर रोना रो रहे हैं, वे शायद अपना शर्मनाक इतिहास भूल चुके हैं। उन्होंने याद दिलाते हुए कहा कि आज जो लोग सरकारी धन की बात कर रहे हैं, वे यह बताएं कि जब उनकी सरकारें थीं, तब क्या सरकारी गाड़ियों में “चिट्टा” (नशा) सप्लाई नहीं होता था? जनता नहीं भूली है कि सत्ता के संरक्षण में नशे का कारोबार कैसे फलता-फूलता रहा। उन्होंने कहा कि आप सरकार जनता का पैसा नशा खत्म करने और पंजाब के भविष्य को बचाने पर खर्च कर रही है, न कि तस्करों को संरक्षण देने पर।
विपक्ष की हताशा पर तंज कसते हुए बलतेज पन्नू ने कहा कि मोगा के कार्यक्रम में तो फिलहाल केवल विलेज डिफेंस कमेटियों के सदस्य ही शामिल हुए थे, जिनमें हर गांव के कुछ जागरूक नागरिकों ने शपथ ली है। जब ‘युद्ध नशों के विरुद्ध-2’ के तहत इनके साथ पूरे गांव एकजुट होकर नशे के खिलाफ मैदान में उतरेंगे, तब विपक्ष की हालत क्या होगी, यह सब देखेंगे।
पन्नू ने कहा कि ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान का दूसरा चरण निश्चित रूप से सफल होगा, क्योंकि आज हर पंजाबी नशा-मुक्त पंजाब चाहता है। अगर कोई नहीं चाहता, तो वे सिर्फ विपक्षी पार्टियां हैं, क्योंकि नशे का खात्मा होते ही उनकी राजनीति की दुकान बंद हो जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मान सरकार पंजाब के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शने वाली नहीं है।









