
चंडीगढ़, 17 फरवरी:
श्री गुरशरण सिंह छीना ने मंगलवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह की मौजूदगी में पंजाब हेल्थ सिस्टम्स कॉरपोरेशन के चेयरमैन के रूप में कार्यभार संभाला।
इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाते हुए राज्य के सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत करने तथा सरकार की नशों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति को सुदृढ़ करने के लिए कार्य करेंगे।
श्री छीना, जो पहले आम आदमी पार्टी पंजाब के संयुक्त सचिव रह चुके हैं, राजासांसी हलके में एक प्रमुख जन-प्रतिनिधि माने जाते हैं और नशों के खिलाफ अभियान में अपनी सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाते हैं।
डॉ. बलबीर सिंह ने श्री छीना को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि वे सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को और सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। उन्होंने नए चेयरमैन से अपील की कि नशा विरोधी अभियान के दौरान दिखाई गई ऊर्जा और प्रतिबद्धता को प्रशासनिक कार्यों में भी बनाए रखें और यह सुनिश्चित करें कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समय पर जमीनी स्तर तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में नशों के खिलाफ चल रहा अभियान दीर्घकालिक और प्रभावी योजना है तथा पंजाब सरकार युवा पीढ़ी को नशों के खतरे से बचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, जबकि विपक्षी पार्टियां चुनावी गणनाओं में उलझी हुई हैं।
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना की प्रगति के बारे में जानकारी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत मरीजों को सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भर्ती से लेकर छुट्टी तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलती है। राज्य में 23 अस्पतालों में गंभीर देखभाल इकाइयां (आईसीयू) स्थापित की गई हैं, जिससे जीवन-रक्षक सेवाओं की पहुंच में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
इस अवसर पर विधायक बटाला अमनशेर सिंह शैरी कलसी, पंजाब वाटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सनी सिंह अहलूवालिया, एमडी पंजाब हेल्थ सिस्टम्स कॉरपोरेशन अमित तलवार, उप चेयरमैन पीएचएससी मनिंदरजीत सिंह विक्की घनौर, सोनिया मान तथा अन्य अधिकारी और नेता भी उपस्थित थे।









