
बरनाला, 23 फरवरी
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चलाई जा रही “मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा” योजना के तहत ज़िला बरनाला से श्रद्धालुओं के जत्थे लगातार धार्मिक स्थलों के लिए रवाना किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में संघेड़ा के श्रद्धालु पवित्र नगरी अमृतसर के धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कर लौटे, जिनसे लोकसभा सदस्य गुरमीत सिंह मीत हेर ने मुलाकात की।
सांसद गुरमीत सिंह मीत हेर ने बताया कि ज़िला बरनाला से “मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा” योजना के तहत लगातार बसें भेजी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि संघेड़ा से लगभग 45 श्रद्धालु पवित्र नगरी अमृतसर के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कर लौटे हैं, जिनमें कई बुज़ुर्गों ने बताया कि उन्हें पहली बार इन पवित्र स्थलों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। श्रद्धालुओं ने यात्रा के दौरान पंजाब सरकार द्वारा किए गए प्रबंधों की सराहना भी की।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि अब तक ज़िला बरनाला से लगभग 2500 श्रद्धालु पवित्र नगरी के धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं। इन श्रद्धालुओं को श्री हरमंदिर साहिब, दुर्गियाना मंदिर, भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल, जलियांवाला बाग आदि के दर्शन कराए गए हैं और आने वाले दिनों में भी बसें निरंतर रवाना होती रहेंगी।
अब तक ज़िला बरनाला के गांव अमला सिंह वाला, भद्दलवढ़, करमगढ़, सेखा, झलूर, नंगल, ठुल्लीवाल, संघेड़ा, महल कलां सोढे, लोहगढ़, कुतबा, हरदासपुरा, बाहमणियां, निहालूवाल, गंगोहर, पंडोरी, महल खुर्द, खियाली, साहौर, सहिजड़ा, गांव रामगढ़, मझुक्के, तलवंडी, भदौड़, अलकड़ा, जंगियाणा, पट्टी मेहर सिंह, खड़क सिंह वाला सहित अनेक गांवों से श्रद्धालु इन धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं।
सांसद ने कहा कि “मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा” योजना धार्मिक सद्भावना और आपसी भाईचारे का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि कई बार आर्थिक तंगी, व्यस्तताओं या अन्य कारणों से बुज़ुर्ग धार्मिक स्थलों के दर्शन से वंचित रह जाते हैं, जबकि उनका सपना होता है कि जीवन में कम से कम एक बार ऐसे पवित्र स्थलों के दर्शन अवश्य करें। पंजाब सरकार उनके इसी सपने को साकार कर रही है, जिसके फलस्वरूप बुज़ुर्गों की दुआएं मिल रही हैं।









