
चंडीगढ़, 24 फरवरी:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर शुरू की गई निर्णायक मुहिम ‘गैंगस्टरों पर वार’ के 35वें दिन पंजाब पुलिस ने राज्य भर में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित और मैप किए गए 587 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरों पर वार’—पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने की दिशा में एक निर्णायक लड़ाई—की शुरुआत पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा 20 जनवरी 2026 को की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्य भर में विशेष अभियान चला रही हैं।
35वें दिन पुलिस टीमों ने 183 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से तीन हथियार बरामद किए। इसके साथ ही अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 11,265 हो गई है।
इसके अलावा 150 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 133 व्यक्तियों को जांच और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने सात फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में गोपनीय रूप से सूचना दे सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी साझा कर सकते हैं।
इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ को 360वें दिन भी जारी रखते हुए 83 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 431 ग्राम हेरोइन, 12 किलो भुक्की, 323 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 4,860 रुपये ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही 360 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 51,086 हो गई है। नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 25 व्यक्तियों को नशा मुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए सहमत किया है।









