
चंडीगढ़, 25 फरवरी:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत शुरू की गई निर्णायक मुहिम ‘गैंगस्टरों पर वार’ के 36वें दिन, पंजाब पुलिस ने आज राज्य भर में गैंगस्टरों के साथियों के चिन्हित और मैप किए गए 546 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरों पर वार’ पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के लिए एक निर्णायक अभियान है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें पूरे राज्य में विशेष अभियान चला रही हैं।
36वें दिन पुलिस टीमों ने 148 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से दो हथियार बरामद किए। इसके साथ ही इस अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 11,413 हो गई है।
इसके अलावा 143 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 134 व्यक्तियों को जांच और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने तीन भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गोपनीय रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में जानकारी दे सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों से संबंधित सूचना साझा कर सकते हैं।
इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ को 361वें दिन भी जारी रखा। इसके तहत आज 88 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 5 किलोग्राम हेरोइन, 175 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 27,520 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही केवल 361 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 51,216 हो गई है।
यह भी उल्लेखनीय है कि नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 30 व्यक्तियों को नशा मुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए तैयार किया है।









