
चंडीगढ़, 27 फ़रवरी 2026
आम आदमी पार्टी पंजाब के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप धालीवाल ने सीबीआई केस में दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट द्वारा कथित शराब घोटाले मामले में ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को बरी किए जाने के फैसले का स्वागत किया है।
धालीवाल ने कहा कि आज माननीय अदालत के फैसले ने यह साबित कर दिया है कि ‘आम आदमी पार्टी’ को खत्म करने के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा रचा गया पूरा मामला महज़ एक कोरी कल्पना और गहरी राजनीतिक साज़िश था।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल को भी आड़े हाथों लेते हुए धालीवाल ने कहा कि इन तीनों पार्टियों ने मिलकर हमारे नेताओं की छवि खराब करने और पार्टी को खत्म करने के लिए दिन-रात झूठा प्रचार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने झूठ की जो इमारत खड़ी की थी, वह आज ताश के पत्तों की तरह बिखर गई है। भाजपा ने अपनी एजेंसियों का दुरुपयोग कर हमारी वरिष्ठ नेतृत्व को जेल की सलाखों के पीछे डलवाया, लेकिन वे यह भूल गए थे कि सच को परेशान किया जा सकता है, पर हराया नहीं जा सकता।
केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला करते हुए धालीवाल ने कहा कि इस फैसले के बाद नरेंद्र मोदी और अमित शाह को मुंह की खानी पड़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की तानाशाही और ज़ुल्म के खिलाफ अरविंद केजरीवाल और हमारी नेतृत्व ने डटकर संघर्ष किया। यह फैसला इस बात की पुष्टि करता है कि अगर पूरे देश में कोई ईमानदारी और सच्चाई की राजनीति कर रहा है, तो वह अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की साज़िशों का मकसद सिर्फ हमें रोकना था, लेकिन जनता की कचहरी के बाद अब कानून की अदालत ने भी उन्हें आईना दिखा दिया है।
कुलदीप धालीवाल ने देशभर के ‘आप’ कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि आज हर उस व्यक्ति की जीत हुई है, जिसे लोकतंत्र और न्यायपालिका पर विश्वास है। भावुक होते हुए उन्होंने कहा, “मुझे गर्व है कि मैं अरविंद केजरीवाल जैसे सच्चे और निडर नेता की पार्टी का सिपाही हूं। हमारे नेताओं ने जेल जाना स्वीकार किया, लेकिन झुके नहीं।”
आज का दिन भारतीय राजनीति के इतिहास में सच्चाई की जीत के प्रतीक के रूप में याद रखा जाएगा।









