
चंडीगढ़, 27 फरवरी 2026
दिल्ली की अदालत द्वारा कथित शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को बरी किए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। मुंडियां ने कहा कि आज का दिन लोकतंत्र के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि अदालत के फैसले ने यह साबित कर दिया है कि आम आदमी पार्टी के खिलाफ रचा गया पूरा मामला केवल और केवल राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित एक “कोरा झूठ” था।
मुंडियां ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो लोग कल तक टीवी पर बैठकर “कट्टर ईमानदारी” का मज़ाक उड़ा रहे थे, आज उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने दिल्ली के बच्चों का भविष्य सुधारने के लिए शिक्षा क्रांति की शुरुआत की थी, जिसे रोकने के लिए उन्हें महीनों तक सलाखों के पीछे रखा गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “सच परेशान हो सकता है, लेकिन हार नहीं सकता” और इस फैसले ने भाजपा वालों के मुंह पर करारा तमाचा मारा है।
इस बड़ी कानूनी जीत पर अपनी गहरी आस्था व्यक्त करते हुए हरदीप सिंह मुंडियां ने परमात्मा और गुरु साहिब का धन्यवाद किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा,
“मैं गुरु साहिब का कोटि-कोटि धन्यवाद करता हूं, जिनकी मेहर से आज सच्चाई की जीत हुई है। गुरु साहिब ने हमेशा ज़ुल्म और झूठ के खिलाफ लड़ने का साहस दिया है और आज उनके आशीर्वाद से आम आदमी पार्टी के निर्दोष नेताओं को इंसाफ मिला है। यह जीत सिर्फ हमारी नहीं, बल्कि देश के करोड़ों लोगों की दुआओं और विश्वास की जीत है।”









