
चंडीगढ़, 27 फ़रवरी:–
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, आप पंजाब इंचार्ज मनीष सिसोदिया और 21 अन्य को बरी किए जाने के संबंध में दिल्ली की विशेष सीबीआई अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए, पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने इस निर्णय को सत्य की बड़ी जीत तथा भारतीय संविधान और स्वतंत्र न्यायपालिका की मजबूती का प्रत्यक्ष प्रमाण बताया।
एक वीडियो संदेश में हरजोत बैंस ने कहा, “कोई चाहे जितनी कोशिश कर ले, अंत में जीत हमेशा सच्चाई की ही होती है। सभी धार्मिक ग्रंथ हमें यही सिखाते हैं और आज हमें इसका प्रमाण तब मिला, जब दिल्ली की विशेष सीबीआई अदालत ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और 21 अन्य को बरी कर दिया।”
उन्होंने अदालत के फैसले के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि न्यायपालिका ने जांच के दौरान लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार पाया। उन्होंने बताया कि अदालत ने स्पष्ट रूप से कहा है कि अभियोजन चलाने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं, जिसका अर्थ है कि यह मामला बेबुनियाद था। बैंस ने यह भी रेखांकित किया कि अदालत ने जांच अधिकारियों द्वारा केस गढ़ने की गलत कोशिशों पर गंभीर टिप्पणी की है और इन गलतियों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश भी की है। उन्होंने इस फैसले को न केवल बरी किए गए नेताओं के लिए, बल्कि सत्य और लोकतंत्र के लिए भी बड़ी जीत बताया।
उन्होंने परमात्मा का धन्यवाद किया और डॉ. बी.आर. अंबेडकर को नमन करते हुए कहा कि भारतीय संविधान ने न्यायपालिका को न्याय प्रदान करने की शक्ति दी है। उन्होंने कहा, “संविधान की ताकत ने सत्य को दबाने की कोशिशों को विफल कर दिया है। यही हमारे संविधान की शक्ति है, जो न्यायपालिका को न्याय करने का अधिकार देती है।”
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि यह फैसला आम आदमी पार्टी (आप) में नई ऊर्जा भरेगा और आम लोगों की सेवा के प्रति और अधिक दृढ़ संकल्प लेकर आएगा—चाहे वह सरकारी स्कूलों में सुधार हो, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार हो या पंजाब में चल रहे विकास कार्यों को आगे बढ़ाना हो।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब के विकास एजेंडे पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा मंत्री बैंस ने सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया, जिनमें घरेलू उपयोग के लिए मुफ्त और 24 घंटे बिजली, कृषि क्षेत्र के लिए दिन में बिजली आपूर्ति, हर खेत तक नहरी पानी पहुंचाना और हर पंजाबी को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज शामिल है। उन्होंने कहा, “ये वे काम हैं जो आज आम आदमी पार्टी की अगुवाई वाली सरकार कर रही है। मुख्यमंत्री मान को प्रदेश भर से मिल रहे प्यार से मुझे विश्वास है कि वर्ष 2022 में जनता द्वारा दिया गया जनादेश वर्ष 2027 में रिकॉर्ड तोड़ेगा। हम अब अपने राज्य, अपने क्षेत्र और अपने देश के विकास के लिए और अधिक मेहनत करेंगे।”









