
नई दिल्ली/चंडीगढ़, 28 फरवरी
पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडिया ने आज नई दिल्ली में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया से मुलाकात कर उन्हें झूठे मामले से बरी होने पर बधाई दी।
श्री मुंडिया ने श्री केजरीवाल, श्री सिसोदिया सहित 23 लोगों को बरी किए जाने के संबंध में दिल्ली की विशेष सीबीआई अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि आखिरकार सच की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से आम आदमी पार्टी की कट्टर ईमानदार नीति पर माननीय अदालत ने भी अपनी मुहर लगा दी है।
श्री मुंडिया ने कहा कि यह फैसला भारतीय संविधान और स्वतंत्र न्यायपालिका की मजबूती का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने अपने दोनों राष्ट्रीय नेताओं को अदालत के फैसले में सम्मानपूर्वक बाहर आने पर बधाई देते हुए कहा कि देश के लोग और पार्टी कैडर पहले से ही भली-भांति जानते थे कि हमारे नेताओं को राजनीतिक बदले की भावना के तहत झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। अब इस फैसले से केंद्र सरकार का झूठ सबके सामने उजागर हो गया है।
उन्होंने कहा कि जांच अधिकारियों ने गलत तरीके से मामले को गढ़ने की भरपूर कोशिश की थी और अदालत ने इन गलत कार्यों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश भी की है। उन्होंने इस फैसले को न केवल बरी किए गए नेताओं के लिए, बल्कि सच्चाई और लोकतंत्र के लिए भी एक बड़ी जीत बताया।









