
चंडीगढ़, 28 फरवरी:
मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार बुजुर्ग नागरिकों को समाज की कीमती धरोहर मानते हुए उनकी स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए लगातार ठोस, संवेदनशील और मानव-केंद्रित कदम उठा रही है। इसी दिशा में, “साडे बुजुर्ग साडा मान” राज्य स्तरीय अभियान के तहत लगाए गए स्वास्थ्य चेकअप कैंपों के माध्यम से 22 हजार से अधिक बुजुर्ग नागरिकों को पंजीकृत कर विभिन्न सरकारी कल्याण सुविधाओं से जोड़ा गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि सीनियर सिटिजन एक्शन प्लान के तहत वित्तीय वर्ष 2025–26 में बुजुर्गों की समग्र देखभाल के लिए ₹7.86 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को बुजुर्गों तक पहुँचाना है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कैंपों के दौरान 6622 बुजुर्गों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, 2544 का ऑर्थोपेडिक परीक्षण और 4719 की आँखों की जांच की गई। इसके अलावा, 2267 बुजुर्गों ने योगा सत्रों, 1676 ने होम्योपैथिक, और 2054 ने आयुर्वेदिक उपचार सहित सहायक उपकरणों का लाभ लिया, जिससे उनकी शारीरिक और मानसिक तंदुरुस्ती को मजबूती मिली।
मंत्री ने यह भी बताया कि अलीमको योजना के तहत 421 बुजुर्ग नागरिक पंजीकृत हुए, जिनमें से 89 को व्हीलचेयर, चश्मा और श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही 566 बुजुर्गों के वृद्धावस्था पेंशन फॉर्म तैयार किए गए और 455 को सीनियर सिटिजन कार्ड जारी किए गए।
उन्होंने कहा कि राज्य के अधिकांश जिलों में स्वास्थ्य कैंप सफलतापूर्वक लगाए जा चुके हैं, जबकि फरीदकोट और संगरूर में जल्द ही ये कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में मोतियाबिंद सर्जरी के लिए आगे उपचार हेतु भेजे गए बुजुर्ग नागरिकों समेत मुफ्त सहायक उपकरण, पेंशन सुविधा, सीनियर सिटिजन कार्ड, योगा कैंप और कानूनी जागरूकता कार्यक्रम एक ही छत के नीचे प्रदान किए गए।
इसके तहत 5110 बुजुर्ग नागरिकों को मेंटेनेंस एंड वेलफेयर ऑफ पेरेंट्स एंड सीनियर सिटिजन एक्ट–2007 के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही बुजुर्गों को सामाजिक रूप से सक्रिय जीवन से जोड़ने के लिए उत्पादक और अंतर-पीढ़ीगत गतिविधियां करवाई गईं, जिनमें 459 बुजुर्गों ने एक्टिव एजिंग कैंपों और 2192 ने गिद्दा, भांगड़ा, कविता और नाटक जैसी सांझी पीढ़ीगत गतिविधियों में भाग लिया। इसके अलावा, 3005 बुजुर्गों ने योगा कैंपों के माध्यम से स्वास्थ्यवर्धक जीवन की ओर कदम बढ़ाए।
पंजाब सरकार ने बुजुर्गों के लिए हेल्पलाइन नंबर 14567 भी शुरू किया है। इस हेल्पलाइन पर फोन करके कोई भी बुजुर्ग नागरिक तुरंत सहायता प्राप्त कर सकता है।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज का अनमोल निवेश हैं और उनकी देखभाल करना मान सरकार की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने परिवारों और सामाजिक संस्थाओं से अपील की कि वे बुजुर्ग नागरिकों को इन सरकारी सुविधाओं से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।









