पंजाबराजनीति

पंजाब की डेयरी और कृषि अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा कदम; भगवंत मान सरकार ने कारगिल कंपनी का दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा 300 करोड़ रुपये का पशु चारा प्लांट शुरू किया।

चंडीगढ़, 28 फरवरी:

 

पंजाब की डेयरी और कृषि अर्थव्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, भगवंत मान सरकार ने मंडी गोबिंदगढ़ के वज़ीराबाद इंडस्ट्रियल पार्क में कारगिल कंपनी के 300 करोड़ रुपये के पशु चारा प्लांट का उद्घाटन कर दिया है। यह दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा प्लांट है। इस मेगा प्रोजेक्ट का संचालन प्रोग्रेसिव पंजाब निवेशक सम्मेलन 2026 से पहले पंजाब में एक महत्वपूर्ण औद्योगिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, जो राज्य में वैश्विक निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

 

यह अत्याधुनिक प्लांट पंजाब के कृषि-औद्योगिक वातावरण को मजबूत करता है, रोजगार सृजित करता है और दूध की उत्पादन क्षमता और डेयरी उत्पादकता में सुधार कर सीधे किसानों को लाभ पहुंचाता है। यह प्रोजेक्ट पंजाब सरकार के औद्योगिक विकास को तेज करने, कृषि-प्रोसेसिंग क्षमता बढ़ाने और लगातार निवेश एवं नीति-आधारित विकास के माध्यम से ‘रंगला पंजाब’ के दृढ़ इरादे को दर्शाता है।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “300 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित यह प्लांट औद्योगिक विकास और निवेशकों की सुविधा के प्रति पंजाब सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। कारगिल प्राइवेट लिमिटेड के अत्याधुनिक प्लांट ने मंडी गोबिंदगढ़ के वज़ीराबाद इंडस्ट्रियल पार्क में अपना संचालन शुरू कर दिया है। इन्वेस्ट पंजाब पहल के माध्यम से पंजाब में काफी औद्योगिक निवेश हो रहा है, जो युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा कर रहा है और पंजाब की समग्र आर्थिक प्रगति को तेज कर रहा है।”

 

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि निवेशकों का बढ़ता विश्वास यह दर्शाता है कि पंजाब विशेषकर कृषि और फूड प्रोसेसिंग क्षेत्रों में निवेश के लिए एक पसंदीदा स्थान बन रहा है। उन्होंने कहा, “पंजाब सरकार प्रगतिशील नीतियों और उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल के माध्यम से हर संभव सहायता प्रदान करने और व्यवसाय-मित्र माहौल सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

 

प्रोजेक्ट के विवरण पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “15 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले कारगिल प्लांट की वार्षिक उत्पादन क्षमता 4.5 लाख मीट्रिक टन है और यह दक्षिण एशिया में सबसे बड़ा पशु चारा प्लांट है।”

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि बठिंडा के बाद यह पंजाब में कारगिल की दूसरी बड़ी यूनिट है, जो पंजाब की कृषि-औद्योगिक श्रृंखला को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा, “यह प्रोजेक्ट उच्च गुणवत्ता वाले पशु चारे की स्थानीय उपलब्धता सुनिश्चित करके किसानों को सीधे लाभ देगा, जिससे दूध की पैदावार, गुणवत्ता और किसानों की आय में सुधार होगा। वैज्ञानिक दृष्टि से विकसित फीड पशुओं के स्वास्थ्य और उत्पादकता को बढ़ाएगा, जिससे पंजाब के डेयरी सेक्टर को नई ऊँचाइयों तक पहुँचने में मदद मिलेगी।”

 

अपने सोशल हैंडल पर वीडियो क्लिप साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “300 करोड़ रुपये की लागत से बने दक्षिण एशिया के सबसे बड़े कारगिल पशु फीड प्लांट का वज़ीराबाद (मंडी गोबिंदगढ़) में उद्घाटन किया गया है। यह प्रोजेक्ट हमारे डेयरी किसानों की आय बढ़ाएगा और पंजाब के युवाओं के लिए सैंकड़ों नए रोजगार अवसर पैदा करेगा। प्रोग्रेसिव पंजाब निवेशक सम्मेलन 2026 से पहले यह औद्योगिक क्षेत्र में हमारी सरकार की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। हम ‘रंगला पंजाब’ के सपने को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button