
चंडीगढ़, 20 मार्च 2026:
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) कार्यालय तलवंडी साबो, जिला बठिंडा में तैनात जूनियर इंजीनियर लखवीर सिंह को 14,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो के एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को तलवंडी साबो (जिला बठिंडा) के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पकड़ा गया।
प्रवक्ता के अनुसार, शिकायतकर्ता के पुत्र ने अपनी गाड़ी पार्क करते समय गली में स्थित बिजली के खंभे से टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और खंभा भी टूट गया। इसके बाद आरोपी रेशम सिंह (ए.एल.एम.) और लखवीर सिंह (जे.ई.) मौके पर पहुंचे और वाहन जब्त करने की बात कही। दोनों आरोपियों ने मामला निपटाने के लिए 25,000 रुपये रिश्वत की मांग की, जो बाद में 15,000 रुपये पर तय हुई। शिकायतकर्ता ने इस पूरी बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया।
रिश्वत न देने के इच्छुक शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज बठिंडा से संपर्क किया। प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी जूनियर इंजीनियर को 14,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना बठिंडा में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। उसके सह-आरोपी रेशम सिंह को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और मामले की आगे जांच जारी है।









