पंजाबराजनीति

फाज़िल्का में सीमा पार से तस्करी की कोशिश नाकाम; 6.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद

चंडीगढ़/फिरोजपुर, 21 मार्च:

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चल रही मुहिम के दौरान एक बड़ी सफलता में काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) फिरोजपुर ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ तालमेल करके बॉर्डर आउटपोस्ट (बीओपी) जीजी-2, गांव महितम नगर, फाजिल्का के पास से 6.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद कर सीमा पार से तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पाकिस्तान आधारित तस्कर जीरो लाइन पार करके सीमा पर लगी कंटीली तार के पास पहुंच गए और अंधेरे का फायदा उठाकर उन्होंने भारत के क्षेत्र में नशीले पदार्थ भेजने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि इस घुसपैठ को रोकने के लिए सतर्क बीएसएफ के जवानों ने कई राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद विस्तृत संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया और इन नशीले पदार्थों की बरामदगी की गई।

एआईजी सीआई फिरोजपुर गुरसेवक सिंह ने बताया कि विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने बीएसएफ फाजिल्का के साथ मिलकर शनिवार सुबह विशेष घात लगाकर ऑपरेशन की योजना बनाई और गांव महितम नगर, फाजिल्का क्षेत्र में संयुक्त गुप्त अभियान चलाया, जहां से पाकिस्तानी तस्कर खेप को आगे पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बीएसएफ के तैनात जवानों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए इस प्रयास को विफल कर दिया और इस ऑपरेशन के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए।

एआईजी ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और स्थानीय तस्करों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

इस संबंध में थाना एसएसओसी फाजिल्का में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी और 29 के तहत एफआईआर नंबर 07 दिनांक 21-03-2026 दर्ज की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button