
चंडीगढ़, 1 अप्रैल:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर शुरू की गई नशों के खिलाफ निर्णायक मुहिम ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के 13 महीने पूरे हो चुके हैं। इस दौरान पंजाब पुलिस ने 1 मार्च 2025 से अब तक 39,760 एफआईआर दर्ज कर 56,372 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस अवधि में पुलिस ने 2458 किलोग्राम हेरोइन भी बरामद की है।
इस एंटी-ड्रग अभियान की शुरुआत के बाद, पंजाब पुलिस द्वारा डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव के नेतृत्व में राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में रोजाना एक साथ विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशा-मुक्त राज्य बनाने के निर्देश दिए हैं।
विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने 2458 किलोग्राम हेरोइन के अलावा 724 किलोग्राम अफीम, 345 क्विंटल भुक्की, 69 किलोग्राम चरस, 843 किलोग्राम गांजा, 37 किलोग्राम आईसीई, 51 लाख नशीली गोलियां/कैप्सूल और 17.28 करोड़ रुपये की ड्रग मनी भी जब्त की है।
पंजाब पुलिस ने ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के 396वें दिन 86 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 269 ग्राम हेरोइन, 1000 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 3050 रुपये की ड्रग मनी बरामद की। इसके साथ ही 396 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या बढ़कर 56,458 हो गई है। उल्लेखनीय है कि नशा मुक्ति अभियान के तहत आज 21 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अलावा, पुलिस टीमों ने लगातार 71वें दिन ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान जारी रखते हुए 483 छापेमारी के बाद 184 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। साथ ही 87 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई और पांच भगोड़े अपराधियों (पी.ओ.) को भी पकड़ा गया।
जनता एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों से संबंधित जानकारी गोपनीय रूप से साझा कर सकती है तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना दे सकती है।









