
चंडीगढ़, 10 अप्रैल:
पंजाब के राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने आज पंजाब भवन में नव-प्रोन्नत राजस्व अधिकारियों को पदोन्नति पत्र सौंपे।
मंत्री ने वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति पाने वाले 14 तहसीलदारों और 13 नायब तहसीलदारों को बधाई देते हुए कहा कि ये पदोन्नतियां राज्य में राजस्व प्रशासन को और मजबूत बनाने के साथ-साथ अधिकारियों की लगन और वर्षों की सेवा का उचित सम्मान हैं।
अधिकारियों को संबोधित करते हुए हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार कर्मचारियों को उनका अधिकार समय पर देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और योग्यता आधारित पदोन्नतियों से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है और सरकारी सेवाओं की कार्यक्षमता में सुधार होता है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पदोन्नत किए गए अधिकारियों की तैनाती उनके द्वारा दिए गए तीन पसंदीदा स्टेशनों की सूची में से एक स्थान पर, उनके निवास स्थान के नजदीक की गई है। उन्होंने कहा कि इस कदम का उद्देश्य कार्य और निजी जीवन के बीच संतुलन बनाए रखना और अधिकारियों को अधिक एकाग्रता व समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने योग्य बनाना है।
क्षेत्रीय अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए मंत्री ने विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए सुझाव भी मांगे। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर से मिलने वाली प्रतिक्रिया नीतियों में सुधार और जवाबदेह तथा प्रभावी शासन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मान सरकार की कर्मचारी-पक्षीय नीति को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने जैसी पहलें भविष्य में भी जारी रहेंगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव-cum-वित्त आयुक्त (राजस्व) अनुराग वर्मा ने भी नव-प्रोन्नत अधिकारियों को बधाई दी और विश्वास जताया कि वे अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी, समर्पण और पेशेवर तरीके से निभाते हुए जनसेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
कार्यक्रम के दौरान सचिव (राजस्व)-cum-डायरेक्टर आपदा प्रबंधन मनवेश सिंह सिद्धू और विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।









