
बरनाला, 11 अप्रैल:
जिला प्रशासन बरनाला ने मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। डिप्टी कमिश्नर हरप्रीत सिंह (आईएएस) की अगुवाई में चल रही मुहिम के तहत अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (न्यायिक) विवेक कुमार मोदी की अदालत ने 7 मामलों में विभिन्न फर्मों/मालिकों पर कुल 2 लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
डिप्टी कमिश्नर हरप्रीत सिंह ने बताया कि दूध, पनीर और विभिन्न प्रकार के तेल सहित खाद्य एवं डेयरी उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग को लगातार जांच और सैंपलिंग के निर्देश दिए गए हैं। लिए गए नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा जाता है, जहां मानकों पर खरे न उतरने वाले मामलों को एडीसी (न्यायिक) की अदालत में पेश किया जाता है।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर विवेक कुमार मोदी ने बताया कि 9 अप्रैल को उनकी अदालत में 7 मामलों में यह जुर्माना लगाया गया। इनमें मिल्क केक, खोया, सरसों का तेल, कुकिंग ऑयल और पनीर के नमूनों के मानक के अनुरूप न पाए जाने के मामले शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्ती जारी रहेगी ताकि लोगों की सेहत के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनवरी से मार्च 2026 के दौरान सरसों का तेल, दूध, डेयरी उत्पाद, घी, पनीर, खोया, मिठाइयों और कुकिंग ऑयल के कुल 29 नमूने लिए गए थे, जिनमें से 18 पास और 11 फेल पाए गए।









