मूनक मंडी में कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने गेहूं की खरीद शुरू करवाई।

मूनक, 15 अप्रैल:
पंजाब सरकार द्वारा रबी सीजन के दौरान किसानों की उपज की सुचारु खरीद सुनिश्चित करने के लिए आज मूनक अनाज मंडी में गेहूं की सरकारी खरीद की शुरुआत की गई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल विशेष रूप से पहुंचे और मंडी में आई नई फसल की बोली लगवाकर खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ किया।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि बेमौसमी बारिश के कारण एक तरफ लस्टर लॉस हुआ है, दूसरी तरफ दाने का आकार प्रभावित हुआ है और तीसरी समस्या बालियों के काले पड़ने की आई है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि इन समस्याओं के संबंध में तुरंत राहत प्रदान की जाए, जैसे राजस्थान को दी गई है।
उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा लगभग 125 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जाती है, जिसमें से राज्य में केवल 8 लाख मीट्रिक टन की खपत होती है, जबकि 117 लाख मीट्रिक टन गेहूं देश के अन्य हिस्सों में भेजी जाती है। यह गेहूं एफसीआई के मानकों के अनुसार भेजना पड़ता है, इसलिए केंद्र सरकार से इन मानकों में छूट देने की भी मांग की गई है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विरोधी दलों द्वारा गेहूं खरीद को लेकर तथ्यहीन बयानबाजी की जा रही है, जिस पर लोगों को ध्यान नहीं देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी फसल की समय पर खरीद और भुगतान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मंडियों में सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारु ढंग से चलाई जाए तथा किसानों की फसल की तुरंत उठान सुनिश्चित की जाए। साथ ही मंडियों में पीने के पानी, छाया, सफाई और अन्य सुविधाओं के पूरे इंतजाम करने के लिए भी कहा गया।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी के अधिकारी, खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे, जिन्होंने सरकार द्वारा किए गए प्रबंधों पर संतोष व्यक्त किया।








