
चंडीगढ़, 18 अप्रैल
आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में चल रही ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम के उत्साहजनक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों के सक्रिय सहयोग से जिस तरह की सफलता मिल रही है, उससे यह साबित हो गया है कि पंजाब बहुत जल्द पूरी तरह नशा मुक्त होने की दिशा में बढ़ रहा है। सरकार और जनता के बीच इसी तालमेल ने नशा तस्करों की कमर तोड़ दी है।
नशों के खिलाफ जारी इस अभियान के अब तक के आंकड़े साझा करते हुए बलतेज पन्नू ने बताया कि पंजाब पुलिस ने अब तक मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 41,850 एफआईआर दर्ज की हैं। इन मामलों में कार्रवाई करते हुए करीब 60,000 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस द्वारा की गई बरामदगी के आंकड़े बताते हैं कि मुहिम कितनी गहराई से काम कर रही है। अब तक पुलिस ने 2569 किलो हेरोइन, 0.37 किलो स्मैक, 748 किलो अफीम, 35,058 किलो भुक्की, 898 किलो गांजा और 4599 किलो कोकीन बरामद कर नशों के बड़े नेटवर्क को तबाह किया है।
बलतेज पन्नू ने विशेष रूप से जमीनी स्तर पर जनता की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि गांवों में बनाई गई विलेज डिफेंस कमेटियों (वीडीसी) को लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इस मुहिम के लिए बनाई गई विशेष मोबाइल ऐप पर सबसे अधिक सूचनाएं पुलिस तक पहुंच रही हैं, जिसकी सफलता दर 80 प्रतिशत से भी अधिक है।
पन्नू ने स्पष्ट किया कि आज जो बड़ी संख्या में एफआईआर दर्ज हो रही हैं और बरामदगी हो रही है, वह मुख्य रूप से लोगों द्वारा दी गई सही जानकारी और उनके सहयोग के कारण ही संभव हो रहा है। ‘रंगला पंजाब’ की दिशा में यह एक निर्णायक जीत है।









