
चंडीगढ़, 20 अप्रैल : मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा सामाजिक न्याय और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए गरीब और जरूरतमंद वर्गों के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इसी तहत सामाजिक न्याय, अधिकारिता और अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि मान सरकार द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान आशीर्वाद योजना के तहत अनुसूचित जातियों के लिए 728.48 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है, जिससे 1.43 लाख से अधिक लाभार्थियों को सीधा लाभ मिला है।
सामाजिक न्याय, अधिकारिता और अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि आशीर्वाद योजना गरीब परिवारों के लिए एक मजबूत सहारा बनकर उभरी है, जिससे बेटियों के विवाह के समय परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम हुआ है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना ही नहीं, बल्कि गरीब परिवारों की बेटियों के आत्मसम्मान, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन को सुनिश्चित करना भी है।
मंत्री ने बताया कि कोई भी परिवार जो पंजाब का स्थायी निवासी हो और गरीबी रेखा से नीचे आता हो, तथा जो अनुसूचित जातियों, पिछड़े वर्गों या आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों से संबंधित हो, वह इस योजना का लाभ लेने के लिए पात्र है। उन्होंने आगे बताया कि एक परिवार की दो बेटियों के विवाह के लिए इस योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि जब किसी गरीब परिवार की बेटी का विवाह होता है तो माता-पिता के लिए यह खुशी के साथ-साथ चिंता का भी समय होता है, लेकिन पंजाब सरकार की आशीर्वाद योजना ने हजारों परिवारों की चिंताओं को कम कर उनके घरों में खुशियों के दीप जलाए हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब माता-पिता के लिए एक मजबूत सहारा बन रही है, जिससे वे अपनी बेटियों को सम्मान, गरिमा और खुशहाल भविष्य के साथ विदा करने के योग्य बन रहे हैं।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर पात्र लाभार्थी को समय पर और पारदर्शी तरीके से योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आवेदनों के निपटारे में देरी न की जाए ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार सरकारी सहायता से वंचित न रहे।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार सामाजिक न्याय और जनकल्याण के लिए वचनबद्ध है और भविष्य में भी इस तरह की जनहितैषी योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों की सहायता जारी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर बेटी के चेहरे पर मुस्कान लाना और हर परिवार को मजबूत बनाना है।









