Hoshiarpurपंजाबराजनीति

विदेशी संबंधों वाले नशा और हथियार तस्करी मॉड्यूल के चार सदस्य गिरफ्तार; 9.9 किलो हेरोइन, दो पिस्तौल बरामद।

चंडीगढ़/होशियारपुर, 20 अप्रैल: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए होशियारपुर पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय/विदेशी संबंधों वाले नशा तस्करी और अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल के चार सदस्यों को 9.925 किलोग्राम हेरोइन, दो .30 बोर के विदेशी पिस्तौल, आठ मैगजीन और 40 जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यहां दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान मनजिंदर सिंह उर्फ सोनू निवासी गांव पथरालियां (होशियारपुर), शिवम भंडारी निवासी धीना (जालंधर), साहिल मसीह उर्फ मोनू निवासी गांव पखोके टाहली (गुरदासपुर) और रमेल रोजर निवासी गढ़शंकर (होशियारपुर) के रूप में हुई है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी विदेशी गैंगस्टरों के सीधे संपर्क में थे और उनके स्थानीय हैंडलर के रूप में काम करते हुए नशीले पदार्थों की तस्करी तथा अवैध हथियारों की सप्लाई करते थे।

डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए आगे जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का सफाया किया जा सके।

ऑपरेशन संबंधी जानकारी साझा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) होशियारपुर संदीप कुमार मलिक ने बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से मिली पुख्ता सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने गढ़शंकर क्षेत्राधिकार में विशेष नाकाबंदी की और संदेह के आधार पर एक आई-20 कार को रोका तथा चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। बाद में तलाशी के दौरान उनकी गाड़ी से हेरोइन और हथियारों की खेप भी बरामद की गई।

एसएसपी ने आगे कहा कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक साहिल मसीह आदतन अपराधी है और जिला बटाला में पुलिस पार्टी पर गोलीबारी की घटना में भी शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।

इस संबंध में एफआईआर नंबर 61 दिनांक 19-04-2026 को होशियारपुर में गढ़शंकर पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button