पंजाबराजनीति

सीमा पार और मध्य प्रदेश आधारित हथियार तस्करी मॉड्यूल का अमृतसर में पर्दाफाश; छह पिस्तौल सहित तीन गिरफ्तार।

चंडीगढ़/अमृतसर, 20 अप्रैल: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार और मध्य प्रदेश आधारित अवैध हथियार सप्लाई मॉड्यूल के तीन आरोपियों को छह पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल को निष्क्रिय कर दिया है। यह जानकारी पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यहां साझा की।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान दीपक सिंह उर्फ दीपु (22) निवासी कश्मीर एवेन्यू, अमृतसर; अरुण कुमार उर्फ साबू (26) निवासी नारायणगढ़, अमृतसर; और सुखजिंदर सिंह उर्फ सुख्खा (29) निवासी रेहाना जट्टां, कपूरथला के रूप में हुई है। बरामद पिस्तौलों में एक .30 बोर पीएक्स5 पिस्तौल, तीन .32 बोर और दो .30 बोर पिस्तौल सहित सात जिंदा कारतूस शामिल हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी मध्य प्रदेश से अवैध हथियार खरीदते थे। उन्होंने यह भी बताया कि उक्त आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के जरिए पाकिस्तान आधारित तस्करों के संपर्क में थे, जो सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से भेजे गए अवैध हथियारों को अपने स्थानीय हैंडलरों के जरिए क्षेत्र में सप्लाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह नेटवर्क माझा और दोआबा क्षेत्रों में सक्रिय रूप से काम कर रहा था।

डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए आगे जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पूर्ण रूप से सफाया किया जा सके।

ऑपरेशन संबंधी जानकारी साझा करते हुए पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुख्ता सूचना के आधार पर योजनाबद्ध ऑपरेशन के तहत पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए पहले दीपक उर्फ दीपु को एक पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया और बाद में उसकी निशानदेही पर दो अन्य पिस्तौल बरामद किए गए। उन्होंने आगे बताया कि दीपक के खुलासे पर उसके दो अन्य साथियों अरुण उर्फ साबू और सुखजिंदर उर्फ सुख्खा को भी गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से तीन पिस्तौल बरामद किए गए।

सीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से यह भी पता चला है कि आरोपियों ने ये अवैध हथियार किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए खरीदे थे, जिसे पुलिस की मुस्तैद कार्रवाई ने सफलतापूर्वक टाल दिया। उन्होंने आगे कहा कि आरोपी दीपक उर्फ दीपु और अरुण उर्फ साबू की पहले भी हत्या के प्रयास, चोरी और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों में संलिप्तता रही है।

इस संबंध में एफआईआर नंबर 61 दिनांक 04-04-2026 को अमृतसर के सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button