
चंडीगढ़, 20 अप्रैल: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए जारी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब ने जिला एस.ए.एस. नगर पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन में चार आरोपियों को दो विदेशी .30 बोर पिस्तौल और आठ जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार कर विदेशी गैंगस्टरों द्वारा चलाए जा रहे एक गैंगस्टर मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटियाला के गांव उगाना निवासी अरमान सिंह, पटियाला के गांव नलास खुर्द निवासी चिराग, राजपुरा (पटियाला) के गांव नलास कलां निवासी रविंदर सिंह उर्फ राहुल, तथा पटियाला के गांव धमोली निवासी अक्षय उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है। पुलिस टीमों ने आरोपियों से पिस्तौल बरामद करने के अलावा उनकी सेडान होंडा अमेज कार भी जब्त कर ली है, जिसमें वे सफर कर रहे थे।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से अक्षय उर्फ प्रिंस नामक व्यक्ति जुलाई 2025 में अबोहर में ‘वीयर वेल’ शोरूम मालिक की हत्या मामले में शामिल था। उन्होंने बताया कि उक्त आरोपी ने मुख्य हमलावरों को लॉजिस्टिक सहायता प्रदान की थी।
डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियों की उम्मीद है।
कार्रवाई के विवरण साझा करते हुए अतिरिक्त डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (एडीजीपी) एजीटीएफ प्रमोद बान ने कहा कि एसएएस नगर की ओर अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर इस मॉड्यूल के चार सदस्यों के देखे जाने संबंधी विश्वसनीय सूचना पर तेजी से कार्रवाई करते हुए एजीटीएफ और एसएएस नगर पुलिस कर्मियों की एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने तुरंत हाईवे की विभिन्न जगहों पर विशेष नाके लगा दिए।
एडीजीपी ने बताया कि पुलिस टीम ने हाईवे पर जनेतपुर लिंक रोड के नजदीक संदिग्ध व्यक्तियों को दो विदेशी पिस्तौल और जिंदा कारतूस सहित काबू कर लिया।
अधिक जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एसएएस नगर हरमनदीप हंस ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों को उनके विदेशी हैंडलरों द्वारा पंजाब में बड़े अपराधों को अंजाम देने का काम सौंपा गया था। एसएसपी ने आगे कहा कि इन गिरफ्तारियों से क्षेत्र में गंभीर अपराधों की संभावना टल गई है।
इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111 और 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(6) और 25(7)(i) के तहत थाना डेराबस्सी, एसएएस नगर में एफआईआर नंबर 162 दिनांक 18.04.2026 दर्ज की गई है।









