
चंडीगढ़/संगरूर, 20 अप्रैल : किसानों को मंडियों में किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी और किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदकर बनती राशि भी किसानों के खातों में निर्धारित समय सीमा के भीतर डालना सुनिश्चित किया जा रहा है। इन विचारों का प्रकटावा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, वन तथा वन्यजीव मंत्री पंजाब लाल चंद कटारूचक ने संगरूर दाना मंडी में खरीद प्रबंधों का जायजा लेते हुए किया। इस मौके पर उनके साथ विधायक संगरूर नरिंदर कौर भराज भी मौजूद थीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार सुचारू और किसान-पक्षीय खरीद सीजन सुनिश्चित करने के लिए वचनबद्ध है।
उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल 2026 तक राज्य की समूची अनाज मंडियों में करीब 38,72,735.53 मीट्रिक टन आवक हुई है, जिसमें से करीब 34,16,926.10 मीट्रिक टन विभिन्न खरीद एजेंसियों और 6,163.30 मीट्रिक टन व्यापारियों द्वारा 2,585 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी गई है। निर्देशों अनुसार किसानों को अब तक करीब 1,818.31 करोड़ रुपये की अदायगी उनके बैंक खातों में सीधे की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि संगरूर जिले की सभी 170 मंडियों में 9 लाख 50 हजार मीट्रिक टन गेहूं की आवक होने की उम्मीद है, जिसमें अब तक करीब 4,00,238.97 मीट्रिक टन जिंस की आवक हो चुकी है। इसमें से करीब 3,52,766 मीट्रिक टन की खरीद करके किसानों को 351.81 लाख रुपये की सीधी अदायगी की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि मंडियों में लिफ्टिंग का कार्य निर्बाध रूप से चल रहा है और अब तक करीब 30,158.45 मीट्रिक टन गेहूं की लिफ्टिंग भी हो चुकी है।
श्री कटारूचक ने आगे कहा कि इस सीजन में राज्य का 122 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य है। उन्होंने मंडी में मौजूद किसानों और आढ़तियों से बातचीत करते हुए खरीद प्रक्रिया और किसानों की सुविधा के लिए किए गए प्रबंधों संबंधी फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में किसानों को बारदाने की कमी, लिफ्टिंग और भुगतान के मुद्दों के कारण विरोध प्रदर्शन करना पड़ता था, लेकिन मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने पिछले चार वर्षों में इन मुद्दों को स्थायी रूप से हल कर एक मिसाल कायम की है।
मंडी में पहुंचे किसानों और आढ़तियों ने खरीद प्रक्रिया को सुचारू और निर्बाध बताते हुए कहा कि उनकी सारी उपज की तुरंत खरीद कर ली गई और उन्हें निर्धारित समय के भीतर भुगतान भी प्राप्त हो गया है। गेहूं और धान के खरीद सीजन दौरान किसानों को सुविधा प्रदान करने की पंजाब सरकार की सोच की सराहना करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों के 9 सीजन के दौरान राज्य में हर साल खरीद सीजन सुचारू ढंग से संपन्न हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब देश का अन्न भंडार है और इतने बड़े स्तर पर खरीद कार्यों को सुचारू ढंग से चलाने की राज्य की योग्यता पर गर्व है।









