
लहरागागा/संगरूर, 20 अप्रैल: पंजाब सरकार की महत्वपूर्ण ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत आज लहरागागा से श्री अमृतसर साहिब के लिए श्रद्धालुओं की बस को कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य मध्यम वर्ग और जरूरतमंद वर्गों को धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाना है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई यह योजना जनसेवा का एक अनोखा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बहुत से लोग आर्थिक परेशानियों के कारण धार्मिक यात्राएं नहीं कर पाते, जिसे ध्यान में रखते हुए यह विशेष पहल की गई है ताकि हर वर्ग के लोग अपनी आस्था के अनुसार दर्शन कर सकें।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत यात्रियों के लिए सुरक्षित परिवहन, उचित प्रबंध और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि वे निश्चिंत होकर यात्रा कर सकें। इससे न केवल धार्मिक भावनाओं को मजबूती मिलती है, बल्कि सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को भी बढ़ावा मिलता है।
गोयल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मुफ्त तीर्थ यात्रा की सुविधा देकर पंजाबियों में भाईचारे और एकता को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना को लेकर समाज के हर वर्ग में उत्साह और खुशी का माहौल है।
तीर्थ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान और कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह योजना खासकर बुजुर्गों और कम आय वाले परिवारों के लिए बड़ा सहारा साबित हो रही है। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में भी अन्य धार्मिक स्थलों के लिए इस तरह की यात्राएं जारी रहेंगी।
बस रवाना होने के दौरान बुजुर्ग श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी और उन्होंने सरकार के इस प्रयास की दिल से सराहना की।









