
तरनतारन/पट्टी, 20 अप्रैल :
पंजाब जल संसाधन प्रबंधन एवं विकास निगम के चेयरमैन रणजीत सिंह चीमा ने आज हलका पट्टी में चल रहे नहरी नवीनीकरण प्रोजेक्ट का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि रसूलपुर डिस्ट्रीब्यूटरी के आर.डी. 0 से 97884 (लगभग 30 किलोमीटर) तक लाइनिंग का 15 करोड़ रुपये की लागत वाला महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शुरू किया गया है, जो हलका पट्टी और हलका खेमकरण के किसानों के लिए वरदान साबित होगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य पानी की बचत करना, रिसाव को कम करना और सिंचाई प्रणाली को अधिक कुशल बनाना है। उन्होंने बताया कि इस लाइनिंग कार्य से लगभग 45,000 एकड़ कृषि भूमि को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पानी की समय पर और समान वितरण से किसानों की उत्पादकता में वृद्धि होगी और फसलों की गुणवत्ता भी सुधरेगी।
उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत रसूलपुर डिस्ट्रीब्यूटरी से जुड़े कई गांवों को लाभ मिलेगा, जिनमें पट्टी हलके के लौहुका, कैरों, बाहमणीवाला, पट्टी शहर का रकबा, ठक्करपुरा, चूसलेवड़, धारीवाल, भग्गूपुर, चीमा कलां, सैदो, बरवाला, जौड़ सिंह वाला, दुब्बली, कालेके तथा हलका वल्टोहा के कई गांव शामिल हैं।
इन क्षेत्रों के किसानों को पानी की उपलब्धता में सुधार के साथ-साथ खेती की लागत कम होने और आय में वृद्धि होने की उम्मीद है।









