
चंडीगढ़, 21 अप्रैल – पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के दौरान थाना जैतो, जिला फरीदकोट में तैनात सहायक सब-इंस्पेक्टर हरपाल सिंह को 33,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को जैतो तहसील के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता के पति और सास के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज था, जिसमें उक्त एएसआई जांच अधिकारी था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि एएसआई ने इस मामले में मदद करने और पुलिस रिमांड न लेने के बदले 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में सौदा 80,000 रुपये में तय हुआ, जिसमें आरोपी ने पहली किश्त के रूप में 40,000 रुपये ले लिए थे।
इसके बाद आरोपी एएसआई ने रिश्वत की दूसरी किश्त के रूप में 40,000 रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता ने पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी और किसी भी गैरकानूनी तरीके में शामिल न होने का निर्णय लेते हुए विजिलेंस ब्यूरो, फरीदकोट से संपर्क किया।
शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी एएसआई को 33,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो थाना फरीदकोट में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।









