लोकसभा सदस्य डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की।

होशियारपुर, 22 अप्रैल:- लोकसभा सदस्य डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक के दौरान जिले में चल रहे विभिन्न विकास परियोजनाओं और कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने के साथ-साथ उन्हें निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
स्थानीय जिला प्रशासनिक परिसर में कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह, डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी, विधायक ब्रम शंकर जिंपा, विधायक जसवीर सिंह राजा गिल, डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में लोकसभा सदस्य डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने दिशा बैठक के दौरान विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं सहित करीब 40 कार्यक्रमों की स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
लोकसभा सदस्य ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर अधिकारियों से विचार-विमर्श करते हुए कहा कि इनके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी न की जाए। उन्होंने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र लाभार्थी तक पहुंचाया जाए, ताकि लोगों को इन योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
सांसद डॉ. चब्बेवाल ने आगामी बरसाती मौसम को देखते हुए संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए समय रहते जरूरी प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कंडी क्षेत्र अक्सर बाढ़ की मार झेलता है, इसलिए पहले से ही उचित इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को पक्के मकान बनाने हेतु वित्तीय सहायता के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और तीन किस्तों में राशि जारी करना सुनिश्चित किया जाए।
एमपी लैड योजना के तहत स्वीकृत 140 कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए डॉ. चब्बेवाल ने पूर्ण हो चुके कार्यों पर संतोष जताया तथा चल रहे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। विधायक ब्रम शंकर जिंपा द्वारा ऊना रोड की स्थिति में सुधार संबंधी मुद्दा उठाने पर डॉ. चब्बेवाल ने एनएचएआई, वन विभाग तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को इस सड़क को बेहतर मार्ग के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह द्वारा होशियारपुर में बनने वाले मेडिकल कॉलेज परियोजना की स्थिति पूछे जाने पर संबंधित अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और अगले दो वर्षों में पूरा कर लिया जाएगा।
डॉ. चब्बेवाल ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत टांडा से ढोलबाहा रोड, सहोड़ा कंडी से गढ़दीवाला-रघवाल रोड से पंडोरी अटवाल, तलवाड़ा-मुबारकपुर रोड से हाजीपुर ढोलबाहा रोड वाया बरिंगली, बैड़िंग, बहि खुशहाला, एनएच-44 से मुकेरियां वाया हियातपुर-सिबोचक तथा हरदोखुंदपुर-फिरोजपुर से घसीटपुर सड़कों के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।
उन्होंने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, कृषि विकास योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, बच्चों के विकास, पोषण अभियान, राष्ट्रीय बागवानी मिशन, रोजगार सृजन योजना, कंडी कैनाल परियोजनाओं, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की भी समीक्षा की।
डॉ. चब्बेवाल ने पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना और मावां-धीयां सत्कार योजना पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन जनहितकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र लाभार्थी तक पहुंचाया जाए। उन्होंने बताया कि जिले में जल्द ही मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत पंजीकरण शुरू होगा, ताकि माताओं और बेटियों को योजना का लाभ मिल सके।
उन्होंने स्वनिधि योजना के तहत बेघर लोगों को घर बनाने के लिए समय-समय पर उचित फंड जारी करने तथा सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत गांवों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी की।
कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने अधिकारियों को कहा कि जिले में चल रहे कार्यों की लगातार निगरानी करते हुए गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का पूरा ध्यान रखा जाए। पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने अधिकारियों से गढ़शंकर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित कार्यों की स्थिति जानी और कहा कि जनहित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुविधाएं मिल सकें।
विधायक जसवीर सिंह राजा गिल ने टांडा क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए कहा कि इन कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने को प्राथमिकता दी जाए।
इस अवसर पर नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन गुरबिंदर सिंह पाबला, जिला योजना समिति की चेयरपर्सन करमजीत कौर, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) निधि कुमुद बंबाह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।









