
चंडीगढ़, 25 अप्रैल: निर्बाध खरीद सीजन के अपने वादे को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पूरी फसल की खरीद और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित कर रही है।
अब तक 4,90,260 किसानों के खातों में 15,871.51 करोड़ रुपये की अदायगी की जा चुकी है।
आवक के संबंध में, राज्यभर की मंडियों में 87,89,802.82 मीट्रिक टन गेहूं पहुंच चुका है, जिसमें से कल देर शाम तक 83,94,114 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। यह जानकारी देते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक ने बताया कि लिफ्टिंग में भी काफी तेजी देखी जा रही है। खरीद के मामले में जिला पटियाला अग्रणी है, जहां कुल 7,83,749.85 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है। संगरूर जिला 7,24,988.5 मीट्रिक टन गेहूं खरीद के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि फिरोजपुर 5,95,924.35 मीट्रिक टन खरीद के साथ तीसरे स्थान पर है।
मंत्री लाल चंद कटारूचक के नेतृत्व में विभाग ने 122 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद के लिए पर्याप्त प्रबंध किए हैं। साथ ही मंडियों में सफाई और स्वच्छ पेयजल जैसी सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।









