राजनीति

भगवंत मान सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित रूपनगर में पहला विशाल आध्यात्मिक कीर्तन दरबार सजाया गया।

चंडीगढ़/रूपनगर, 27 अप्रैल – मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा रविवार शाम नेहरू स्टेडियम, रूपनगर में आयोजित पहले विशाल आध्यात्मिक कीर्तन दरबार के साथ श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व के राज्य स्तरीय समारोहों की शुरुआत की गई। इस भव्य आयोजन के जरिए गुरु रविदास जी के सार्वभौमिक संदेश को पंजाब और देश-विदेश तक पहुंचाने के उद्देश्य से सालभर चलने वाले कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ।

इस आध्यात्मिक संध्या के दौरान श्री दरबार साहिब, अमृतसर के प्रसिद्ध हजूरी रागी भाई रविंदर सिंह जी और भाई दविंदर सिंह जी सोढ़ी ने रसपूर्ण कीर्तन प्रस्तुत कर संगतों को इलाही बाणी में लीन किया। इसके बाद भाई गुरमीत सिंह जी ने कथा विचार के माध्यम से श्रद्धालुओं को गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी एवं कर तथा परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा शामिल हुए। उन्होंने संगतों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खुरालगढ़ साहिब में 649वें प्रकाश पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित सालभर चलने वाले बड़े कार्यक्रमों की घोषणा की थी।

वित्त मंत्री ने कहा कि इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य श्री गुरु रविदास जी के समानता, भाईचारे और मानवता के संदेश को पूरी दुनिया तक पहुंचाना है। इसके तहत पंजाब के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विभिन्न शैक्षणिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि राज्य के सभी जिलों में आध्यात्मिक कीर्तन दरबार आयोजित किए जा रहे हैं, जिनकी औपचारिक शुरुआत रूपनगर से हुई है।

हरपाल सिंह चीमा ने पंजाब सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा करते हुए कहा कि डेरा सचखंड बल्लां के निकट 10 एकड़ भूमि खरीदकर एक विशाल “श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र” स्थापित किया जाएगा। इस केंद्र में 750 लोगों के बैठने की क्षमता होगी और यह गुरु साहिब की पवित्र बाणी तथा शिक्षाओं के गहन अध्ययन और शोध को समर्पित होगा।

उन्होंने कहा कि भवन के नक्शे तैयार हो चुके हैं और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। निर्माण के बाद यह केंद्र आम लोगों को गुरु महाराज से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारियों और शोध कार्यों से भी अवगत कराएगा।

इस अवसर पर पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने कहा कि सदियों पहले श्री गुरु रविदास जी ने अपनी क्रांतिकारी वाणी के माध्यम से समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर समानता और भाईचारे पर आधारित व्यवस्था बनाने का संदेश दिया था। उन्होंने संगतों से उस मार्ग पर चलने की अपील की।

रूपनगर के विधायक एडवोकेट दिनेश चड्ढा ने सभी अतिथियों और संगतों का स्वागत करते हुए कहा कि सामाजिक प्रगति गुरु साहिबान के दिखाए मार्ग पर चलकर ही संभव है। उन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए रूपनगर को चुनने पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पंजाब सरकार का धन्यवाद किया।

इस विशाल आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और इलाही बाणी का आनंद लेते हुए पंजाब सरकार द्वारा बनाए गए आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की।

समारोह में कई धार्मिक हस्तियां, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय नेता, आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी, स्वयंसेवक तथा आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button