पंजाबराजनीति

मिल्कफेड पंजाब ने दूध की खरीद कीमत में बढ़ोतरी की।

चंडीगढ़, 28 अप्रैल: पंजाब सरकार और मिल्कफेड पंजाब ने माननीय मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में मिल्कफेड पंजाब (ब्रांड वेरका) से जुड़े किसानों के लिए दूध की खरीद कीमत में 01.05.2026 से बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है।

इस फैसले के तहत दूध की खरीद कीमत में 20 रुपये प्रति किलोग्राम फैट की वृद्धि की जाएगी। इस निर्णय का उद्देश्य डेयरी किसानों की आय बढ़ाना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और राज्य में सहकारी डेयरी ढांचे को सशक्त बनाना है।

मिल्कफेड के सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देशों पर यह कदम किसानों और डेयरी उत्पादकों के हितों की रक्षा के लिए उठाया गया है, जो पंजाब की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं।

सरकारी सूत्रों ने बताया कि मिल्कफेड परिवार का हिस्सा बने 2.5 लाख डेयरी किसानों को बढ़ी हुई कीमत का तत्काल लाभ मिलेगा। इस बढ़ोतरी से डेयरी फार्मिंग की आमदनी में सुधार होगा, जिससे पंजाब के लगभग 30 लाख दूध उत्पादकों को फायदा होगा।

बताया गया कि किसानों से दूध खरीदने वाली अन्य कंपनियों और संस्थाओं को भी अपनी खरीद कीमतों में बढ़ोतरी करनी पड़ेगी, ताकि वे मिल्कफेड के बराबर प्रतिस्पर्धी दरें दे सकें।

मिल्कफेड पंजाब उत्तर भारत की अग्रणी दुग्ध सहकारी संस्था है, जो पैक्ड दूध और दुग्ध उत्पादों के क्षेत्र में प्रमुख भूमिका निभाती है। इस क्षेत्र में अग्रणी होने के कारण मिल्कफेड द्वारा दूध खरीद कीमतों में बढ़ोतरी का व्यापक असर पड़ेगा।

इस फैसले से पंजाब की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में हर महीने लगभग 100 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ होने का अनुमान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button