बरिंदर कुमार गोयल ने बी.ओ.पी. शाहपुर में रावी नदी के धुसी बांध पर चल रहे बाढ़ सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।

चंडीगढ़/अमृतसर, 28 अप्रैल: पंजाब के जल संसाधन मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज जिला अमृतसर के बी.ओ.पी. शाहपुर में रावी नदी के धुसी बांध पर चल रहे बाढ़ सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। इस अवसर पर उनके साथ अजनाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरदार कुलदीप सिंह धालीवाल, जल संसाधन विभाग के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर श्री जगदीश राज, कार्यकारी इंजीनियर श्री विश्वपाल गोयल और उप मंडल अधिकारी सरदार सतनाम सिंह भी मौजूद थे।
ज्ञात हो कि पिछले वर्ष आई बाढ़ के कारण बी.ओ.पी. शाहपुर में रावी नदी का धुसी बांध टूट गया था। इसके बाद जल संसाधन विभाग द्वारा इस कटाव को भरकर पत्थर लगाकर बांध को मजबूत किया जा रहा है। इस स्थान पर बाढ़ सुरक्षा कार्यों के तहत विभाग द्वारा 4 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री बरिंदर गोयल ने कहा कि पंजाब सरकार मानसून सीजन से पहले बाढ़ या भारी बारिश से होने वाले नुकसान को न्यूनतम करने और लोगों के जान-माल की सुरक्षा के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा बाढ़ सुरक्षा प्रबंधों के तहत 600 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले साल आई बाढ़ के बाद जल संसाधन विभाग द्वारा चार नदियों पर दो-दो सुपरिंटेंडिंग इंजीनियरों की अगुवाई में समितियां बनाई गई थीं। इन समितियों ने 132 संवेदनशील स्थानों की पहचान की थी, जहां बाढ़ रोकथाम के कार्य जारी हैं। इनमें से कुछ कार्य पूरे हो चुके हैं और बाकी सभी कार्य 30 जून 2026 तक पूरे कर लिए जाएंगे।
जल संसाधन मंत्री ने बताया कि पिछले बरसाती सीजन के दौरान आई बाढ़ के कारण रावी नदी के धुसी बांध में 23 स्थानों पर कटाव हुआ था। विभाग द्वारा इन सभी कटावों को भरकर पत्थर लगाकर मजबूत किया जा रहा है। इसके अलावा नदी में डी-सिल्टिंग (गाद निकासी) का कार्य भी युद्धस्तर पर चल रहा है, जिसे मानसून से पहले पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शक्की नाले की सफाई का कार्य भी जारी है और अन्य बरसाती नालों की सफाई भी की जा रही है।
श्री गोयल ने आगे बताया कि राज्य सरकार द्वारा बाढ़ रोकथाम, राहत ढांचे को मजबूत करने तथा नहरों और ड्रेनों की सफाई के लिए फिनलैंड से उन्नत तकनीक वाली एम्फीबियस मशीनें खरीदी जा रही हैं। ये मशीनें पानी और जमीन दोनों पर चल सकती हैं तथा बहते पानी में भी काम करने और गहराई तक सफाई करने में सक्षम हैं।
उन्होंने कहा कि ये बहुउद्देश्यीय मशीनें संभावित और आपातकालीन परिस्थितियों में बाढ़ राहत कार्यों के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगी।
इस अवसर पर विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने श्री गोयल का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जल संसाधन विभाग द्वारा बाढ़ सुरक्षा कार्य समय रहते पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साल अजनाला क्षेत्र के कई गांवों को बाढ़ का सामना करना पड़ा था और मान सरकार ने पीड़ितों की हर संभव सहायता की थी।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार मानसून से पहले सभी बाढ़ सुरक्षा प्रबंध पूरे कर रही है और राज्य सरकार लोगों के जान-माल की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।









