
चंडीगढ़, 30 अप्रैल 2026: उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, बिजली और स्थानीय निकाय मंत्री श्री संजीव अरोड़ा ने आज सभी नगर निगम आयुक्तों और अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नरों (जी एंड यूडी) को अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में सीवरेज सिस्टम की समय पर और योजनाबद्ध तरीके से सफाई तथा गाद निकालने को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मानसून सीजन से पहले तैयारियों पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि समय पर गाद न निकालने के कारण शहरी क्षेत्रों में जलभराव, सीवर ओवरफ्लो, यातायात में बाधा और लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थितियों से बचने और ड्रेनेज सिस्टम के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय कदम उठाने जरूरी हैं।
श्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि सीवर की सफाई और गाद निकालने के लिए पहले ही ठेके दिए जा चुके हैं और सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कार्य तुरंत शुरू करें और मानसून शुरू होने से पहले निर्धारित समयसीमा में इन्हें पूरा करें। उन्होंने निचले और जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
सीवर से समय पर गाद निकालने के महत्व को रेखांकित करते हुए मंत्री ने कहा कि इससे बारिश के पानी का निर्बाध प्रवाह सुनिश्चित होता है, भारी वर्षा के दौरान जलभराव का जोखिम कम होता है और सीवर लाइनों के ओवरफ्लो को रोका जा सकता है, जिससे शहरों में स्वच्छता बनी रहती है। यह डेंगू, मलेरिया और हैजा जैसी जलजनित बीमारियों के प्रसार को रोकने में भी मदद करता है।
सीवरेज की नियमित सफाई से उसके बुनियादी ढांचे की दक्षता लंबे समय तक बनी रहती है। इससे सड़कों और सार्वजनिक संपत्ति को खड़े पानी से होने वाले नुकसान से बचाया जा सकता है, यातायात सुचारू रहता है और बारिश के दौरान होने वाली असुविधा कम होती है। इससे विशेषकर घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्रों में बेहतर सार्वजनिक स्वास्थ्य और स्वच्छता सुनिश्चित होती है। साथ ही, समय पर रखरखाव से आपातकालीन मरम्मत पर होने वाले खर्च में भी कमी आती है।
मंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों की सख्त और लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जवाबदेही पर जोर देते हुए उन्होंने प्रगति और की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द उनके कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
राज्य के नागरिकों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए श्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करना चाहिए, ताकि आगामी मानसून सीजन के दौरान पंजाब के लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।









