
संगरूर, 30 अप्रैल: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज गांव सतौज में 14.63 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक खेल स्टेडियम का शिलान्यास किया, जो खेल, स्वास्थ्य और अनुशासन के माध्यम से युवाओं के भविष्य को संवारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस स्टेडियम को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “यह हमारे लिए गर्व का दिन है कि 14.63 करोड़ रुपये की लागत से 4.38 एकड़ क्षेत्र में विश्व स्तरीय खेल स्टेडियम बनाया जा रहा है, जो विभिन्न खेल गतिविधियों का केंद्र बनेगा।” उन्होंने बताया कि इस परिसर में 200 मीटर का एथलेटिक्स ट्रैक, खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए पवेलियन तथा बहुउद्देशीय इनडोर स्पोर्ट्स हॉल भी होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस स्टेडियम में बैडमिंटन, हैंडबॉल, जूडो, नेटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, जिम्नास्टिक, कबड्डी, कराटे सहित कई खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि यहां बच्चों और युवाओं को पेशेवर प्रशिक्षण के अवसर मिलेंगे और यह क्षेत्र एक प्रमुख खेल केंद्र के रूप में विकसित होगा।
संतुलित विकास की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जब शिक्षा के लिए अच्छे स्कूल और खेलों के लिए बेहतर मैदान उपलब्ध होते हैं, तो बच्चे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने गांव, राज्य और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें विश्वस्तरीय शिक्षा एवं खेल सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ नशे जैसी बुराइयों को खत्म करने में भी सहायक होगी।
उन्होंने कहा कि ऐसे स्टेडियम युवाओं को नशे से दूर रखेंगे और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने के लिए प्रेरित करेंगे।









