पंजाबराजनीति

भगवंत मान सरकार जीएसटी कानूनों की सख्त पालना सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध: हरपाल सिंह चीमा

चंडीगढ़; 30 अप्रैल – लोहे और स्टील सेक्टर में टैक्स चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई का ऐलान करते हुए पंजाब के वित्त एवं आबकारी और कर मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज यहां कहा कि राज्य के कर विभाग ने 200 से अधिक वाहनों को कब्जे में लिया है और लगभग 5 करोड़ रुपये की बाजार कीमत का माल जब्त किया है। वित्त मंत्री ने जोर देकर कहा कि इस बड़े इंफोर्समेंट अभियान का उद्देश्य फर्जी बिलिंग और बिना सही दस्तावेजों के माल की ढुलाई को रोकना है, जिसमें उल्लंघन करने वालों पर 3 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगने की संभावना है।

ऑपरेशन के विवरण देते हुए आबकारी एवं कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि कर विभाग की स्टेट इन्वेस्टिगेशन एंड प्रिवेंटिव यूनिट ने आज एक बड़ा इंफोर्समेंट अभियान सफलतापूर्वक चलाया। उन्होंने कहा, “यह रणनीतिक कार्रवाई मुख्य रूप से मंडी गोबिंदगढ़, खन्ना और आसपास के क्षेत्रों सहित प्रमुख लोहे और स्टील बेल्ट पर केंद्रित थी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बिना वैध दस्तावेजों के माल की ढुलाई और फर्जी बिलिंग के जरिए हो रही टैक्स चोरी पर सख्ती से रोक लगाना था।”

जब्त किए गए माल के स्तर के बारे में जानकारी साझा करते हुए वित्त मंत्री ने खुलासा किया, “इस विशेष कार्रवाई के दौरान बारीकी से जांच के लिए लोहे के स्क्रैप और तैयार स्टील के माल की ढुलाई करने वाले 200 से अधिक वाहनों को रोका गया। इस कार्रवाई में शामिल माल की कुल मात्रा 1,600 मीट्रिक टन से अधिक होने का अनुमान है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये है। प्रारंभिक जांच से स्पष्ट संकेत मिलता है कि कई खेप या तो बिना सही इनवॉइस और ई-वे बिल के ले जाई जा रही थीं या उनके साथ संदिग्ध फर्जी दस्तावेज संलग्न थे।”

विभाग की आगे की कार्रवाई के बारे में विस्तार से बताते हुए उन्होंने कहा, “जीएसटी कानून की संबंधित धाराओं के तहत डिफॉल्टरों के खिलाफ आधिकारिक रूप से कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके परिणामस्वरूप लगने वाला जुर्माना 3 करोड़ रुपये से अधिक होने की उम्मीद है, जो विस्तृत जांच और निर्णय पर निर्भर करेगा।”

सरकारी खजाने की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वित्त मंत्री ने आगे कहा, “इंफोर्समेंट टीमों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे सरकारी राजस्व की रक्षा के लिए बकाया टैक्स और जुर्माने की तुरंत वसूली सहित जांच को तेजी से आगे बढ़ाएं और आवश्यक कार्रवाई करें।”

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के दृढ़ रुख को दोहराते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि राज्य सरकार जीएसटी कानूनों की सख्त पालना सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा, “फर्जी बिलिंग या बिना अधिकृत अनुमति के माल की ढुलाई के जरिए टैक्स चोरी करने की किसी भी कोशिश से सख्ती से निपटा जाएगा। पूरे राज्य में ऐसे इंफोर्समेंट अभियान लगातार जारी रहेंगे और सभी उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

वित्त मंत्री ने टैक्स चोरों को स्वेच्छा से कानून का पालन करने की सलाह दी और चेतावनी दी कि ऐसा न करने पर उन्हें कड़े जुर्माने और कानूनी परिणामों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कर विभाग टैक्स चोरी के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए ईमानदार करदाताओं को हर संभव सहायता प्रदान करेगा और एक निष्पक्ष तथा पारदर्शी कर प्रणाली बनाए रखेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button