पंजाबराजनीति

मान सरकार द्वारा राज्य में बाढ़ रोकथाम प्रबंधों पर 600 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं: बरिंदर कुमार गोयल

चंडीगढ़/शहीद भगत सिंह नगर, 30 अप्रैल: – पंजाब के जल संसाधन, खनन एवं भू-विज्ञान तथा भूमि एवं जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल द्वारा मानसून से पहले राज्य में बाढ़ रोकथाम कार्यों को पूरा कराने के मद्देनज़र प्रदेश का दौरा किया जा रहा है। इसी कड़ी के तहत आज लगातार तीसरे दिन जल संसाधन मंत्री ने जिला शहीद भगत सिंह नगर से गुजरने वाली सतलुज नदी के किनारे चल रहे सुदृढ़ीकरण कार्यों का जायजा लिया।

जिला शहीद भगत सिंह नगर के गांव बुर्ज तहल दास में बाढ़ रोकथाम कार्यों का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा बाढ़ रोकथाम कार्यों पर 600 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और 30 जून से पहले सभी बाढ़ सुरक्षा प्रबंध पूरे कर लिए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल पिछले तीन दिनों से विभिन्न जिलों के दौरे पर हैं। अमृतसर और जालंधर के बाद आज उन्होंने शहीद भगत सिंह नगर में बाढ़ सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया।

श्री गोयल ने बताया कि यह पहली बार है कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा बाढ़ रोकथाम के लिए गंभीर प्रयास करते हुए इतनी बड़ी राशि नदियों के बांधों को मजबूत करने पर खर्च की जा रही है। इससे पहले की सरकारें केवल औपचारिकता के तौर पर बाढ़ रोकथाम कार्य करती थीं, जिसका खामियाजा राज्य के लोगों को भुगतना पड़ता था।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी मानसून से पहले सभी बाढ़ रोकथाम प्रबंध पूरे कर लिए जाएं। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष आई बाढ़ के बाद विभाग के दो सुपरिंटेंडिंग इंजीनियरों की अगुवाई में गठित विशेष समिति द्वारा पंजाब की नदियों में कुल 132 संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई है और इन सभी स्थानों को युद्ध स्तर पर मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्यवासियों को बाढ़ से बचाने के लिए धन की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार बाढ़ जैसी परिस्थितियों में लोगों के जान-माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने अधिकारियों को सख्ती से कहा कि बाढ़ रोकथाम कार्य समय पर पूरे किए जाएं और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button