
कीरतपुर साहिब, 1 मई—
हरजोत सिंह बैंस ने पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान कीरतपुर साहिब के 400वें स्थापना दिवस के अवसर पर समस्त संगत को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पवित्र नगर सिख इतिहास का अभिन्न हिस्सा है और इसकी महानता सदियों से लोगों को प्रेरित करती आ रही है।
उन्होंने बताया कि 1 मई 1626 को गुरु हरगोबिंद साहिब द्वारा इस नगर की स्थापना की गई थी। यह पवित्र धरती गुरु नानक देव जी से लेकर गुरु गोबिंद सिंह जी तक कई गुरु साहिबानों की चरण छोह से धन्य हुई है। साथ ही गुरु हर राय साहिब और गुरु हरकृष्ण साहिब का प्रकाश भी यहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि यहां स्थित गुरुद्वारा शीश महल साहिब, गुरुद्वारा चरण कमल साहिब और गुरुद्वारा पातालपुरी साहिब जैसे ऐतिहासिक स्थल सिख धर्म की समृद्ध विरासत को दर्शाते हैं। ये स्थल न केवल धार्मिक महत्व रखते हैं बल्कि इतिहास और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम भी प्रस्तुत करते हैं।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा पिछले चार वर्षों में कीरतपुर साहिब के सर्वांगीण विकास के लिए कई बड़े कदम उठाए गए हैं। शहर के प्रवेश द्वार पर चौक का सौंदर्यीकरण, सरकारी स्कूल को “स्कूल ऑफ एमिनेंस” में बदलना, अस्पताल का आधुनिकीकरण और आम आदमी क्लीनिक की स्थापना जैसे कई परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। इसके अलावा सतलुज नदी को स्वच्छ रखने के लिए गुरुद्वारा पातालपुरी साहिब के पास सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट भी स्थापित किया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए एस्ट्रोटर्फ फुटबॉल ग्राउंड का निर्माण कार्य भी तेजी से जारी है। मंत्री ने कहा कि वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें श्री आनंदपुर साहिब और कीरतपुर साहिब जैसी पवित्र धरती की सेवा करने का अवसर मिला है और वे भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ सेवा करते रहेंगे।









